'गैस भरपूर, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई...', LPG सिलेंडर को लेकर बोले दरभंगा के DM

दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जिले में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत की खबरों को अफवाह बताया है. उन्होंने कहा कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिल रहा है. प्रशासन ने गैस एजेंसियों को मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में वितरण करने के निर्देश दिए हैं. कालाबाजारी, जमाखोरी या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

Advertisement
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ही होगा वितरण.(Photo: Prahalad Kumar/ITG) मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ही होगा वितरण.(Photo: Prahalad Kumar/ITG)

प्रह्लाद कुमार

  • दरभंगा,
  • 13 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 9:57 PM IST

दरभंगा जिले में एलपीजी घरेलू सिलेंडर की किल्लत की खबरों के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. जिलाधिकारी कौशल कुमार ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध कराई जा रही है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें.

Advertisement

जिलाधिकारी ने बताया कि गैस एजेंसी मालिकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि गैस का वितरण केवल मजिस्ट्रेट और पुलिस की मौजूदगी में ही किया जाए, ताकि कालाबाजारी और जमाखोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सके. साथ ही अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.

यह भी पढ़ें: दही-चूड़ा खाकर कट रही रातें... दरभंगा में गैस के लिए हाहाकार, 4 दिन से नहीं जला चूल्हा, कतारों में पुलिस और मजिस्ट्रेट तैनात

गैस एजेंसियों पर प्रशासन की निगरानी

जिला प्रशासन की ओर से सभी गैस एजेंसियों और गैस वितरण स्थलों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस की तैनाती की गई है. प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम उपभोक्ताओं को आसानी से गैस सिलेंडर मिल सके और वितरण प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से हो.

अधिकांश स्थानों पर शांतिपूर्ण तरीके से लोगों को घरेलू गैस सिलेंडर वितरित किए गए. हालांकि कुछ गैस एजेंसियों पर गैस मिलने में देरी या गैस नहीं मिलने की शिकायत को लेकर लोगों ने हंगामा भी किया. ऐसे मामलों में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने और स्थिति को नियंत्रित करने का काम किया.

Advertisement

उपभोक्ताओं ने कालाबाजारी की आशंका जताई

कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि यदि गैस की आपूर्ति सामान्य है तो फिर गैस एजेंसी उपभोक्ताओं को सिलेंडर देने में आनाकानी क्यों कर रही है. उन्होंने आशंका जताई कि कहीं गैस की जमाखोरी कर कालाबाजारी तो नहीं की जा रही. इसको लेकर लोगों ने पुलिस के सामने अपना गुस्सा भी जाहिर किया.

हालांकि, पुलिस प्रशासन ने मौके पर मौजूद लोगों की शिकायतें सुनीं और उन्हें समझाकर शांत कराया. अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा और किसी को भी अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी.

जिले में 75 गैस एजेंसियां, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

डीएम कौशल कुमार ने बताया कि दरभंगा जिले में कुल 75 अलग-अलग कंपनियों की गैस एजेंसियां हैं. इन सभी एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों के पास पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है और नियमित रूप से वितरण किया जा रहा है.

उन्होंने बताया कि प्रशासन रोजाना गैस वितरण की योजना बना रहा है. बुधवार को जिले में करीब 22 हजार गैस सिलेंडर उपलब्ध थे, जिनमें से दोपहर 12 बजे तक लगभग 15 से 16 हजार सिलेंडर का वितरण किया जा चुका था.

Advertisement

अफवाह और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

जिलाधिकारी ने कहा कि गैस की कमी की अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर है. सोशल मीडिया पर भी पुलिस और प्रशासन लगातार निगरानी कर रहे हैं. यदि कोई व्यक्ति अफवाह फैलाता पाया गया तो उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.

उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी व्यक्ति को जरूरत से ज्यादा गैस सिलेंडर स्टोर नहीं करना चाहिए. यदि जमाखोरी या कालाबाजारी की सूचना मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने एक कंट्रोल रूम भी बनाया है, जहां लोग फोन कर अपनी समस्या बता सकते हैं और उसका समाधान कराया जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement