मुख्यमंत्री नीतीश के बेटे निशांत कुमार जेडीयू की सदस्यता लेने के बाद उनकी गतिविधियों को लेकर लोगों में चर्चा तेज हो गई है. जेडीयू में शामिल होने के बाद निशांत कुमार सबसे पहले कल्याणबिगह स्थित शूटिंग एकेडमी पहुंचे, जहां उन्होंने बंदूक चलाने की ट्रेनिंग ली. निशांत कुमार को शूटिंग एकेडमी में बंदूक चलाने का अभ्यास करते देख वहां मौजूद कार्यकर्ता और ग्रामीण हैरान रह गए.
बताया जा रहा है कि अब तक सीधे-साधे और कम बोलने वाले निशांत कुमार राजनीति से दूरी बनाए रखते थे, लेकिन जेडीयू की सदस्यता लेने के बाद उनकी सक्रियता बढ़ती दिखाई दे रही है. शूटिंग एकेडमी में उनके पहुंचने और बंदूक चलाने की ट्रेनिंग लेने की खबर से जेडीयू कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा गया. कार्यकर्ता इसे उनकी नई सक्रियता के रूप में देख रहे हैं और इस घटनाक्रम को लेकर इलाके में चर्चा भी तेज हो गई है.
यह भी पढ़ें: 'जल्द शुरू करूंगा बिहार के 38 जिलों का दौरा', CM नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार का ऐलान
जदयू में शामिल हुए निशांत
बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नितीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने रविवार को पटना स्थित जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली. इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. निशांत के आगमन को लेकर दल की ओर से नया नारा भी दिया गया 'युवा सोच, मजबूत संकल्प'. उनकी सदस्यता के दौरान बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचे और कार्यक्रम में उत्साह का माहौल दिखाई दिया.
इस मौके पर जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे. हालांकि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नितीश कुमार उपस्थित नहीं थे. पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत कुमार ने सभी का आभार जताया. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि पिछले करीब बीस वर्षों में उनके पिता ने बिहार और देश के लिए जो काम किए हैं, उस पर उन्हें गर्व है.
रंजीत कुमार सिंह