बिहार के आरा में इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. यहां सड़क किनारे कटीली झाड़ियों में दो महीने का एक मासूम बच्चा लावारिस हालत में पड़ा मिला. बच्चे की हालत देखकर स्थानीय लोगों का दिल दहल गया. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची महिला पुलिस अधिकारी ने तुरंत बच्चे को गोद में उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच सकी.
यह घटना भोजपुर जिले के गजराजगंज थाना क्षेत्र की है. बताया जा रहा है कि आरा-बक्सर फोरलेन के पास एक निजी होटल के करीब सड़क किनारे झाड़ियों में यह मासूम पड़ा हुआ मिला. जब स्थानीय लोगों की नजर बच्चे पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही गजराजगंज ओपी में तैनात एसआई सोनी कुमारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं. वहां कटीली झाड़ियों के बीच मासूम को देखकर उन्होंने बिना देर किए उसे बाहर निकाला और अपनी गोद में उठाकर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में बच्चे का इलाज शुरू किया गया और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
कटीली झाड़ियों से नवजात को निकालकर अस्पताल पहुंचाया
एसआई सोनी कुमारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि झाड़ियों में एक मासूम बच्चा पड़ा हुआ है. इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. फिलहाल बच्चे की पहचान और उसके माता-पिता के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है.
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किसने इस मासूम को इस तरह झाड़ियों में छोड़ दिया. साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें.
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. जहां एक तरफ मासूम को इस तरह बेसहारा छोड़ने की घटना ने लोगों को दुखी कर दिया है, वहीं महिला दरोगा की संवेदनशीलता और इंसानियत की हर ओर सराहना हो रही है.
सोनू कुमार सिंह