Advertisement

US-Israel-Iran War Live Updates: अमेरिकी सेना प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज हटाए गए, ईरान युद्ध के बीच ट्रंप का फैसला

aajtak.in | नई दिल्ली | 03 अप्रैल 2026, 9:57 AM IST

US-Iran War LIVE: मिडिल ईस्ट में एक महीने से अधिक समय से जारी युद्ध अब और भीषण हो चुका है. अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमले तेज कर दिए हैं. वहीं, ईरान ने इजरायल पर ड्रोन और मिसाइल हमलों की बौछार शुरू की है. ईरान द्वारा खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों और टेक इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाए जाने के दावों ने चिंता और बढ़ा दी है.

ईरान की राजधानी तेहरान पर अमेरिकी इजरायल के हवाई हमलों में पाश्चर इंस्टीट्यूट को भारी नुकसान पहुंचा. (Photo: X/@HosseinKermanpour))

मिडिल ईस्ट में एक महीने से अधिक समय से जारी संघर्ष अब और तेज हो गया है, जिसमें अमेरिका, ईरान, इजरायल और क्षेत्रीय शक्तियां आमने-सामने हैं. डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को स्टोन एज में भेजने की धमकी दी है. उनके इस बयान के बाद ईरान पर अमेरिकी हमले तेज हो गए हैं. वहीं, ईरान भी पूरे दमखम के साथ जवाबी हमले कर रहा है.

अमेरिका के दावों के बावजूद कि ईरान की सैन्य क्षमता कमजोर हो गई है, तेहरान ने इजरायल और मिडिल ईस्ट में अमेरिका से जुड़े ठिकानों पर नए हमले जारी रखे हैं. ईरान के इस्लामिक रिवोन्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी टेक कंपनियों को निशाना बनाया है. उसने बहरीन में अमे​जन के क्लाउड कम्प्यूटिंग सेंटर और दुबई में ओरेकल के डेटा सेंटर पर हमले का दावा किया है.

बगदाद में अमेरिकी दूतावास ने एक इमरजेंसी अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अगले 24-48 घंटों में ईरान समर्थित मिलिशिया संगठन हमले कर सकते हैं, और अपने नागरिकों से तुरंत इराक छोड़ने को कहा है. इधर इजरायल ने कहा कि छह घंटे के भीतर ईरान ने मिसाइल हमलों की कम से कम चार लहरें दागीं. इजरायल के मुताबिक कई मिसाइलों को उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने इंटरसेप्ट कर लिया, लेकिन कुछ मिसाइलें उसके मध्य क्षेत्रों में गिरीं, जिसमें जानमाल का नुकसान हुआ है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आगे और हमलों के संकेत देते हुए कहा है कि अगले 2-3 हफ्तों में ईरान पर बेहद कड़े प्रहार किए जाएंगे, हालांकि उन्होंने यह भी दावा किया कि अमेरिकी सैन्य अभियान अपने लक्ष्य के करीब पहुंच चुका है. इस बढ़ते तनाव का असर वैश्विक बाजारों पर भी दिखा, जहां तेल की कीमतों में 4% से अधिक की तेजी आई. खासकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के जरिए सप्लाई बाधित होने के कारण स्थिति और बिगड़ रही है.

9:57 AM (एक घंटा पहले)

UN में टला स्ट्रेट ऑफ होर्मूज पर मतदान, अब शनिवार को होगी वोटिंग

Posted by :- Dheeraj

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने स्ट्रेट ऑफ होर्मूज में जहाजों की सुरक्षा से जुड़े बहरीन के प्रस्ताव पर वोटिंग टाल दी है. अब शुक्रवार की जगह शनिवार को मतदान होगा. इस प्रस्ताव का मकसद तेल और गैस के लिए अहम इस समुद्री रास्ते को सुरक्षित करना है, जिसमें 'जरूरी रक्षात्मक कदम' उठाने की बात कही गई है. हालांकि, चीन इसके विरोध में है, इसलिए इस प्रस्ताव के पास होने की उम्मीद कम ही है.
 

9:18 AM (एक घंटा पहले)

Middle East War: खाड़ी देशों के प्रमुख पुलों पर हमले का खतरा

Posted by :- Dheeraj

ईरान के करज में एक अहम पुल (B1) पर हुए अमेरिकी-इजरायली हमले के बाद अब ईरान ने 'जैसे को तैसा' बदला लेने के संकेत दिए हैं. ईरानी मीडिया के मुताबिक, खाड़ी क्षेत्र के कई मशहूर पुलों की एक लिस्ट जारी की है, जिन्हें निशाना बनाया जा सकता है. इस सूची में कुवैत का शेख जाबेर ब्रिज, सऊदी-बहरीन को जोड़ने वाला किंग फहद कॉजवे और यूएई के शेख जायद जैसे बड़े पुल शामिल हैं.
 

8:55 AM (2 घंटे पहले)

Iran War: स्ट्रेट आफ होर्मूज में ईरान को चुनौती, ओमान के जहाजों ने बदला रास्ता

Posted by :- Dheeraj

अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, स्ट्रेट आफ होर्मूज में ईरान के दबदबे को बड़ी चुनौती मिली है. ओमान के तीन जहाजों ने ईरान के बनाए 'मान्यता प्राप्त कॉरिडोर' का इस्तेमाल करने से इनकार कर दिया है. शिपिंग डेटा के अनुसार, दो तेल सुपर टैंकर और एक गैस कैरियर (LNG) ईरान के तय रास्ते के बजाय ओमान के अपने समुद्री तट के करीब से गुजर रहे हैं. पिछले तीन हफ्तों में यह पहली बार है जब किसी बड़े जहाज ने ईरान के नियमों के बिना इस रास्ते से निकलने का फैसला किया है.

8:03 AM (3 घंटे पहले)

Middle East Conflict: बुशहर न्यूक्लियर प्लांट से अपने कर्मचारी निकालेगा रूस

Posted by :- Dheeraj

रूस की सरकारी परमाणु कंपनी रोसाटॉम ने ईरान के बुशहर न्यूक्लियर प्लांट से अपने कर्मचारियों को निकालने का आखिरी फैसला लिया है. कंपनी के सीईओ एलेक्सी लिकचेव के मुताबिक, करीब 200 कर्मचारियों को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला जाएगा, जबकि रिएक्टर चलाने के लिए केवल कुछ वॉलंटियर्स की छोटी टीम ही वहां रुकेगी. रूस ने इस सुरक्षित निकासी के लिए अमेरिका और इजरायल से गोलाबारी रोकने की मांग भी की है. हालांकि, प्लांट में आग लगने की कई खबरें आई थीं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने साफ किया है कि रिएक्टर को कोई नुकसान नहीं हुआ है और न ही कोई रेडिएशन फैला है. 

Advertisement
7:23 AM (3 घंटे पहले)

US Israel Iran War: ईरान के पास अब भी हजारों ड्रोन और मिसाइल लॉन्चर सुरक्षित

Posted by :- Dheeraj

पांच हफ्तों से अमेरिका और इजरायल की भारी बमबारी के बावजूद ईरान की सैन्य ताकत अभी भी काफी मजबूत है. CNN की एक रिपोर्ट में अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के हवाले से बड़ा खुलासा हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के लगभग आधे मिसाइल लॉन्चर अभी भी पूरी तरह सुरक्षित और काम करने की हालत में हैं. इसके अलावा, ईरान के पास हजारों की संख्या में वन-वे अटैक ड्रोन का जखीरा मौजूद है. लगातार हो रहे हमलों के बावजूद ईरान का डिफेंस सिस्टम बचा हुआ है, जो युद्ध के मैदान में पासा पलट सकता है.

7:12 AM (3 घंटे पहले)

स्ट्रेट आफ होर्मूज पर ईरान की वसूली का नया प्लान!

Posted by :- Dheeraj

ईरान अब ओमान के साथ मिलकर स्ट्रेट आफ होर्मूज की निगरानी करने की तैयारी में है. खबर है कि ईरान वहां से गुजरने वाले जहाजों से $20 लाख तक की मांग कर रहा है. ईरानी राजनयिक का कहना है कि यह जहाजों की सुरक्षा के लिए है, लेकिन असल में इससे इस समुद्री रास्ते पर ईरान का कब्जा और मजबूत हो जाएगा. फिलहाल ओमान ने अभी इस पर कुछ नहीं कहा है.

6:04 AM (5 घंटे पहले)

West Asia Crisis: इराकी मिलिशिया ग्रुप ने अमेरिकी ठिकानों पर हमलों का किया दावा

Posted by :- deepak mishra

मिलिशिया संगठन सराया औलिया अल-दाम ने इराक में पिछले 24 घंटों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए कई हमलों की जिम्मेदारी ली है. समूह ने कहा कि उसने पांच हमले किए और इराक व आसपास के क्षेत्र में कुल 23 अभियान चलाए. संगठन ने यह भी बताया कि इन हमलों को अंजाम देने के लिए दर्जनों ड्रोन तैनात किए गए थे. 

6:02 AM (5 घंटे पहले)

Middle East Conflict: ईरान के निर्माणाधीन ब्रिज पर हमले में 8 मौतें, 95 घायल

Posted by :- deepak mishra

ईरान के निर्माणाधीन B1 ब्रिज अमेरिकी हवाई हमले में मरने वालों की संख्या 8 हो गई, ज​बकि 95 अन्य घायल हुए हैं. यह जानकारी ईरान की सरकारी मीडिया ने अल्बोर्ज प्रांत के अधिकारियों के हवाले से दी है. यह हमला  जिस वक्त हुआ, तब ब्रिज के आसपास बड़ी संख्या में लोग नेचर डे मनाने के लिए इकट्ठा हुए थे. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे मिडिल ईस्ट का सबसे ऊंचा ब्रिज बताया और सोशल मीडिया पर कहा कि आगे और भी बहुत कुछ होने वाला है. ईरानी अधिकारियों ने इसकी कड़ी निंदा करते हुए इसे नागरिक ढांचे पर हमला बताया है और कहा कि उस समय वहां कोई सैन्य गतिविधि नहीं हो रही थी.

5:58 AM (5 घंटे पहले)

US-Iran War: ईरान युद्ध के बीच अमेरिका ने अपने सेना प्रमुख को हटाया

Posted by :- deepak mishra

अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सेना प्रमुख रैंडी जॉर्ज को पद छोड़ने और तुरंत रिटायरमेंट लेने का आदेश दिया है. अमेरिका के रक्षा विभाग पेंटागन ने अमेरिकी सेना प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज के अचानक पद छोड़ने पर कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है. इस फैसले को ट्रंप प्रशासन और जनरल जॉर्ज के बीच मतभेद का परिणात बताया जा रहा है. अमेरिका इस समय ईरान के साथ युद्ध में है, इसके बीच सेना प्रमुख को पट से हटाने का फैसला चौंकाने वाला है. जनरल जॉर्ज, जिन्होंने अगस्त 2023 में जो बाइडेन प्रशासन के दौरान यह पद संभाला था, चार साल का कार्यकाल पूरा करने वाले थे. उन्होंने खाड़ी युद्ध के साथ-साथ इराक और अफगानिस्तान युद्ध में भी अपनी सेवाएं अमेरिकी सेना को दी हैं. इसके अलावा, वह पूर्व रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के वरिष्ठ सैन्य सहयोगी के रूप में भी कार्य कर चुके हैं.