US-Israel-Iran War LIVE: ईरान लगातार अरब देशों में अमेरिका-इजरायल के ठिकानों पर हमले कर रहा है. इस बीच ईरानी विदेश मंत्री सैय्यद अब्बास अराघची ने अरब देशों को भाईचारे का संदेश दिया है. अराघची ने सऊदी अरब को ईरान का भाई बताया है और कहा है कि ईरान के निशाने पर सिर्फ अमेरिका और इजरायल के ठिकाने हैं
अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ईरान सऊदी अरब साम्राज्य का सम्मान करता है और उसे अपना भाई मानता है. ईरानी विदेश मंत्री ने आगे कहा, हमारे अभियान उन दुश्मन आक्रमणकारियों के खिलाफ हैं जो न तो अरबों का सम्मान करते हैं और न ही ईरानियों का, और न ही किसी तरह की सुरक्षा दे सकते हैं.
अराघची ने अरब देशों से कहा कि ईरान ने अमेरिका और इजरायल के हवाई कमान के साथ जो किया, उसे देखना चाहिए. अराघची ने अरब देशों के कहा कि अमेरिकी सेना को अपने देश से बाहर निकालने का यही सही समय है.
अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर भीषण हमले जारी हैं. इसी बीच आईआरजीसी ने मीनाब में छोटे हथियारों से 5 आत्मघाती ड्रोन मार गिराने का दावा किया है. आईआरजीसी ने बताया कि दक्षिणी ईरान के मीनाब में स्थानीय बासिज बलों ने आईआरजीसी जमीनी बलों के साथ मिलकर राइफलों और मशीनगनों का इस्तेमाल करते हुए पांच आत्मघाती ड्रोन मार गिराए हैं.
ईरान के आईआरजीसी ने कहा कि स्थानीय बासिज वॉलंटियर्स और जमीनी बलों ने 28 मार्च को मीनाब में पांच आत्मघाती ड्रोन मार गिराए. बताया जा रहा है कि ड्रोनों को राइफलों और मशीनगनों सहित हल्के हथियारों का उपयोग करके रोका गया.
अमेरिका-इजरायली हमलों के जवाब में ईरान लगातार मिडिल ईस्ट में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है. इसी क्रम में ईरान ने सऊदी के अल-खारज प्रांत में एक ड्रोन दागा, जिससे एयर डिफेंस सिस्टम में तबाह कर दिया. इस बारे में जानकारी देते हुए सऊदी नागरिक सुरक्षा विभाग का कहना है कि अल-खारज प्रांत में एक ड्रोन के दुर्घटनाग्रस्त होने से गिरे मलबे के कारण छह घरों को मामूली नुकसान हुआ है. विभाग का कहना है कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ.
ईरान और इजरायल के बीच भीषण बमबारी जारी है. इसी बीच ईरान ने इजरायल पर जोरदार हमला किया है. इस हमले की इजरायली सुरक्षाबलों ने पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि यरुशयल में 10 जगहों पर धमाकों की आवाज सुनी गई है.इजरायल की सेना का कहना है कि उसका एयर डिफेंस सिस्टम ईरानी मिसाइलों का जवाब दे रहा है, जबकि यरुशलम में सायरन बज रहे हैं.
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने मंगलवरा को एक बयान में कहा कि ईरान की वायु सेना ने सेंट्रल ईरान के इस्फ़हान शहर के ऊपर अमेरिकी निर्मित MQ-9 रीपर लंबी दूरी के ड्रोन को मार गिराया है.
बयान में कहा गया है, 'कुछ मिनट पहले इस्फ़हान के ऊपर एक MQ-9 रीपर ड्रोन को रोका गया और नष्ट कर दिया गया.' IRGC ने इस बात पर जोर दिया कि ड्रोन को 'एक उन्नत एयर डिफेंस सिस्टम द्वारा नष्ट किया गया जो देश की एकीकृत वायु रक्षा प्रणाली का हिस्सा है.'
अमेरिका ईरान से इतने यूरेनियम बाहर निकालने की प्लानिंग पर काम कर रहा है जिससे 10 से 11 परमाणु बम बनाए जा सकते हैं. द वॉल स्ट्रीट जर्नल ने इस बाबत एक रिपोर्ट प्रकाशित की है. इसमें कहा गया है कि अमेरिका बहुत ही जटिल और खतरनाक मिशन पर काम कर रहा है. इसके तहत ट्रंप ईरान के एनरीच्ड 450 किलोग्राम यूरेनियम ईरान से निकालने के लिए एक ग्राउंड ऑपरेशन कर सकता है. अगर ये ऑपरेशन हुआ तो ये आधुनिक विश्व का बेहद जटिल और खतरनाक ऑपरेशन होगा. यहां पढ़ें पूरी खबर...
इजरायल की संसद ने सैन्य अदालतों में घातक हमलों के दोषी पाए गए फिलिस्तीनियों के लिए फांसी की सजा का प्रावधान करने वाला विधेयक पारित कर दिया है. आलोचकों का कहना है कि ये कानून केवल फिलिस्तीनियों पर लागू होता है जो धुर दक्षिणपंथी सहयोगियों के वादों को पूरा करता है और नए कानून के तहत असमान न्याय को लेकर चिंताएं पैदा करता है.
वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सहयोगियों को बताया है कि वो ईरान के खिलाफ चल रहे अमेरिकी ऑपरेशन को खत्म करना चाहते हैं, भले ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का रास्ता काफी हद तक बंद क्यों न रहे. ट्रंप ने हाल के दिनों में अपने निकट सहयोगियों से कहा है कि वो ईरान में लंबे वक्त तक चलने वाले युद्ध से बचना चाहते हैं और आने वाले हफ्तों में संघर्ष को खत्म कर सकते हैं. रिपोर्ट में बताया गया है कि लगभग एक महीने से जारी इस सैन्य ऑपरेशन को ट्रंप चार से छह हफ्ते के अंदर खत्म करने की सार्वजनिक टाइमलाइन पर अड़े हुए हैं.
अमेरिका में पेट्रोल की औसत खुदरा कीमत 4 डॉलर प्रति गैलन के स्तर पर पहुंच गई है. अगस्त 2022 के बाद ये पहली बार है जब कीमतें इस आंकड़े तक पहुंची हैं.
अमेरिकी रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) ने रक्षा सचिव हेगसेथ के. ब्रोकर ने ईरान हमले से ठीक पहले डिफेंस फंड खरीदने की कोशिश की खबरों को खारिज किया है. पेंटागन ने बताया कि हमले की जानकारी का इस्तेमाल किसी भी तरह के आर्थिक लाभ या निवेश के लिए नहीं किया गया था.
दुबई बंदरगाह पर एक बड़े कुवैती तेल टैंकर को ईरानी हमले में निशाना बनाया गया है. इस हमले के बाद 'अल-सल्मी' नाम के तेल टैंकर में भीषण आग लग गई, हालांकि राहत की बात ये है कि इस घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ है. कुवैत ने चेतावनी दी है कि इस हमले के कारण आसपास के समुद्री जल में तेल का रिसाव हो सकता है, जिससे पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है. अधिकारी स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए हैं.
ब्रिटिश समुद्री व्यापार संचालन प्राधिकरण (UKMTO) ने जानकारी दी है कि संयुक्त अरब अमीरात के तट के पास एक तेल टैंकर पर मिसाइल या किसी प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया. इस हमले के कारण जहाज पर आग लग गई.
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के साथ चल रहे युद्ध को खत्म करने को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने बताया कि वो इस युद्ध के खत्म होने के लिए कोई समय सीमा तय नहीं कर रहे हैं.
इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने जानकारी दी है कि उन्होंने हिजबुल्लाह की यूनिट 1800 के डिप्टी कमांडर हमजा इब्राहिम राकिन और उसी यूनिट के ऑपरेशन्स ऑफिसर को एक हमले में मार दिया है. राकिन, हिजबुल्लाह और दूसरे फिलिस्तीनी संगठनों के बीच एक मुख्य कड़ी के रूप में काम करता था. उसकी ये यूनिट लेबनान, गाजा, सीरिया और वेस्ट बैंक में सक्रिय आतंकी संगठनों के बीच तालमेल बिठाने और सैन्य गतिविधियों को कंट्रोल करने के लिए जिम्मेदार मानी जाती है.
यूएई के शारजाह में एक प्रशासनिक इमारत पर हमला हुआ है. शारजाह प्रशासन के मुताबिक, थुरैया टेलीकॉम की प्रशासनिक बिल्डिंग को ईरान की ओर से आए एक ड्रोन के जरिए निशाना बनाया गया है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर किए गए पोस्ट में अधिकारियों ने बताया कि इस हमले में किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है.
इराक में बगदाद एयरपोर्ट के पास स्थित एक अमेरिकी राजनयिक सुविधा को ड्रोन के जरिए निशाना बनाया गया. फिलहाल इस हमले में हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.