Advertisement

US-Israel-Iran War Live: नेतन्याहू के उकसावे में ईरान से युद्ध में कूदे थे डोनाल्ड ट्रंप, कमला हैरिस का बड़ा आरोप

aajtak.in | नई दिल्ली | 19 अप्रैल 2026, 10:32 AM IST

US-Israel-Iran War LIVE Updates: ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत तो शुरू हुई है, लेकिन तेहरान ने संवर्धित यूरेनियम देने से साफ मना कर दिया है. वहीं, समंदर में तनाव बढ़ाते हुए ईरान ने 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' को बंद कर दिया और एक भारतीय जहाज को बीच रास्ते से लौटने का आदेश दिया है.

ट्रंप ने जनता की मर्जी के खिलाफ लड़ा ईरान से युद्ध (File Photo)

इजरायल-अमेरिका और ईरान युद्ध को 50 से अधिक दिन हो गए हैं, लेकिन यह महायुद्ध रुकने का नाम नहीं ले रहा है. दो हफ्ते के सीजफायर के बाद जब ईरान ने 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' खोला था, तो लगा था हालात सुधरेंगे, लेकिन खोलने के महज एक ही दिन बाद इसे फिर बंद कर दिया गया. समंदर में बढ़ते इसी तनाव के बीच ईरानी सेना ने वहां से गुजर रहे एक भारतीय जहाज को बीच रास्ते में ही रुकने और अपना सफर खत्म करने का कड़ा आदेश दिया है. ईरान का कहना है कि यह फैसला उसके अपने बंदरगाहों की घेराबंदी के जवाब में लिया गया है, जिससे इस समुद्री रास्ते पर सुरक्षा का संकट और गहरा गया है.

वहीं, कूटनीतिक मोर्चे पर भी पेंच फंसा हुआ है. ईरान और अमेरिका के बीच चल रही बातचीत को लेकर वरिष्ठ अधिकारी मोहम्मद-बघेर ग़ालिबाफ ने कहा है कि कुछ मुद्दों पर सहमति तो बन रही है, लेकिन कई अहम मामलों पर अब भी बड़े मतभेद बरकरार हैं. अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, वार्ता भले आगे बढ़ रही है लेकिन स्थिति एकमत नहीं है. इस बीच ईरान के उप विदेश मंत्री सईद खतीबज़ादेह ने साफ कर दिया है कि कोई भी संवर्धित यूरेनियम (Enriched Uranium) अमेरिका को नहीं भेजा जाएगा. ईरान के इस सख्त रुख ने साफ कर दिया है कि वह अपनी परमाणु नीति से पीछे हटने को तैयार नहीं है, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव कम होने के बजाय और बढ़ गया है.

यूएस-ईरान जंग से जुड़े सभी छोटे-बड़े अपडेट्स के लिए LIVE ब्लॉग पर बने रहें.

10:32 AM (एक घंटा पहले)

ट्रंप ने शांति रोकी तो बंद कर देंगे 'बाब अल-मंडेब' समुद्री रास्ता- हूती की धमकी

Posted by :- Dheeraj

यमन के हूतियों ने सीधे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चुनौती दे दी है. अल जजरी रिपोर्ट के मुताबिक, हूतियों ने धमकी दी है कि अगर ट्रंप प्रशासन ने यमन में शांति की कोशिशों में अड़ंगा डाला, तो वे 'बाब अल-मंडेब' समुद्री रास्ता को पूरी तरह बंद कर देंगे. यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक समुद्री रास्तों में से एक है. हूतियों का कहना है कि उनकी शांति की शर्तों को न मानना अमेरिका को भारी पड़ेगा और वे लाल सागर में जहाजों की आवाजाही पूरी तरह ठप कर सकते हैं.
 

9:26 AM (2 घंटे पहले)

Iran War: 'मदद करो राष्ट्रपति', ईरान में ट्रंप का वीडियो वायरल

Posted by :- Dheeraj

सोशल मीडिया पर एक वीडियो और फोटो तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें ईरान की एक दीवार पर स्प्रे-पेंट से लिखा है कि 'राष्ट्रपति ट्रंप, कृपया हमारी मदद करें.' खास बात यह है कि इस वीडियो के साथ डोनाल्ड ट्रंप की आवाज जुड़ी है, जिसमें वह कह रहे हैं, 'हम आपके साथ हैं.' यह पोस्ट ऐसे समय में आई है जब ईरान के अंदरूनी हालात और अमेरिका के साथ तनाव चरम पर है.

9:16 AM (2 घंटे पहले)

Middle East War: लेबनान में जंग के दौरान एक इजरायली सैनिक की मौत

Posted by :- Dheeraj

रॉयटर्स के मुताबिक, इजरायली सेना (IDF) ने जानकारी दी है कि दक्षिण लेबनान में चल रही भीषण जंग के दौरान उनका एक सैनिक मारा गया है. इजरायली मिलिट्री ने बयान जारी कर बताया कि यह सैनिक जमीनी कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में हताहत हुआ. लेबनान सीमा पर सीजफायर की चर्चाओं के बीच भी जमीनी हालात काफी तनावपूर्ण बने हुए हैं और दोनों तरफ से गोलीबारी जारी है.

8:41 AM (3 घंटे पहले)

4 चरणों में खुलेगा ईरान का एयरस्पेस

Posted by :- Dheeraj

ईरान के आसमान में फिर से विमानों की हलचल शुरू होने वाली है. अल जजीरा रिपोर्ट के मुताबिक,  एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि देश का एयरस्पेस एक साथ नहीं, बल्कि चार चरणों में खोला जाएगा. तनाव के बीच उड़ानों पर लगी पाबंदी को अब धीरे-धीरे हटाया जा रहा है.

Advertisement
8:29 AM (3 घंटे पहले)

Iran War: ट्रंप को नेतन्याहू ने ईरान युद्ध में खींचा- कमला हैरिस

Posted by :- Dheeraj

अमेरिका की पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि डोनाल्ड ट्रंप को ईरान के साथ युद्ध में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने 'खींचा' था. हैरिस का सीधा आरोप है कि ट्रंप का यह फैसला अमेरिकी जनता की मर्जी के खिलाफ था. उन्होंने अपनी बात में साफ तौर पर कहा कि ट्रंप ने खुद से युद्ध शुरू नहीं किया, बल्कि नेतन्याहू, जिन्हें वो प्यार से 'बीबी' बुलाते हैं, उनके पीछे-पीछे चलकर इस जंग का हिस्सा बन गए. उनके कहने का मतलब ये है कि ट्रंप की अपनी कोई स्वतंत्र सोच नहीं थी और उन्होंने नेतन्याहू के चक्कर में पड़कर अमेरिका को एक ऐसी जंग में झोंक दिया, जिसे वहां की जनता नहीं चाहती थी.
 

7:51 AM (3 घंटे पहले)

Middle East Conflict: 'इजरायल हारना नहीं जानता', डोनाल्ड ट्रंप ने जमकर की तारीफ

Posted by :- Dheeraj

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की गहमागहमी के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल को अमेरिका का सबसे भरोसेमंद और 'महान सहयोगी' बताया है. सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ट्रंप ने इजरायल की तारीफ करते हुए कहा कि उसने खुद को साहसी, निडर और वफादार साबित किया है. ट्रंप ने आगे लिखा कि 'इजरायल मजबूती से लड़ता है और जानता है कि जीतना कैसे है.' ट्रंप ने इशारों-इशारों में उन देशों पर भी निशाना साधा जिन्होंने संकट के इस समय में अपना 'असली रंग' दिखाया है. 

7:34 AM (4 घंटे पहले)

Middle East Conflict: पोप लियो के बयान पर जेडी वेंस की प्रतिक्रिया

Posted by :- Dheeraj

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने पोप लियो के हालिया बयान का स्वागत किया है. वेंस ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वह पोप की बातों के लिए उनके आभारी हैं. उन्होंने मीडिया पर निशाना साधते हुए कहा कि अक्सर मीडिया संघर्ष और विवाद की खबरें बढ़ा-चढ़ाकर दिखाता है, जबकि हकीकत उससे कहीं ज्यादा जटिल होती है. वेंस के मुताबिक, प्रशासन और धार्मिक नेतृत्व के बीच असहमति के बावजूद रिश्तों की गहराई को समझना जरूरी है.