इंडोनेशिया में आई सुनामी ने कई जिंदगियां लील लीं. यहां के सुंडा स्ट्रेट क्षेत्र में आई इस समुद्री आफत से करीब 281 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 1000 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. इंडोनेशिया से अब तबाही की डराने वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं, यहां बीच के पास कॉन्सर्ट कर रहा रॉक बैंड सेवेंटीन लहरों में बह गया. सोशल मीडिया पर इस तबाही का वीडियो जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है.
इंडोनेशिया का सुपरहिट रॉक बैंड सेवेंटीन जब अपना कॉन्सर्ट कर रहा था, तभी लहर आई और सब कुछ बहाकर ले गई. हादसे के बाद बैंड के मुख्य गायक रीफियान फज़रस्याह ने अपने फैंस के लिए इंस्टाग्राम पर एक संदेश भी जारी किया. वीडियो संदेश में रोते हुए रीफियान ने कहा कि उन्होंने अपना एक बेस वादक और सड़क प्रबंधक को खो दिया है, जबकि अभी भी 3 मेंबर और उनकी पत्नी गायब है.
उन्होंने अपने फैंस से अपील भी की, ''आप भी कृपया प्रार्थना कीजिए कि हम एंडी, हर्मन और उजांग को जल्द वापस ला पाएं''. सेवेंटीन बैंड के अन्य सदस्य जैक ने भी इमोशनल वीडियो जारी किया. उन्होंने लिखा कि मंच पर जब लहरें आईं तो उन्होंने मंच का एक हिस्सा पकड़ लिया, यही वजह रही कि वो बच गए.
CNN के मुताबिक, बैंड उस दौरान सरकारी इलेक्ट्रिक कंपनी के लिए प्रोग्राम कर रहा था. गौरतलब है कि इंडोनेशिया में रविवार रात को ज्वालामुखी फटने के बाद तबाही का मंजर फैला हुआ है. ज्वालामुखी फटने के बाद से ही सुनामी आ गई थी, जिसके बाद से ही इंडोनेशिया में तबाही फैली हुई है.
स्थानीय रिपोर्टों की मानें तो शनिवार रात को जब लहर तटों से टकराई तो प्रशासन द्वारा ऊंची लहरों को लेकर कोई चेतावनी नहीं जारी की गई थी. यही कारण रहा है कि पांडेगलांग, साउथ लाम्पुंग और सेरांग जैसे इलाकों में तबाही ज्यादा हुई, इसी क्षेत्र में ही अधिकतर लोगों की मौत हुई है.
aajtak.in