प्रतापगढ़ में चलती कार पर गिरा 65 फीट हाईमास्ट पोल, सपा नेता की मौके पर मौत

प्रतापगढ़ के बाबूगंज बाजार में पेट्रोल पंप पर लगाया जा रहा हाईमास्ट पोल अचानक चलती कार पर गिरने से सपा नेता और ठेकेदार लालबहादुर यादव की मौत हो गई. घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. शुरुआती जांच में क्रेन का पट्टा टूटने की बात सामने आई है. पुलिस और प्रशासन सुरक्षा मानकों और लापरवाही के एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं.

Advertisement
क्रेन का पट्टा टूटा और सपा नेता की चली गई जान (Photo: Screengrab) क्रेन का पट्टा टूटा और सपा नेता की चली गई जान (Photo: Screengrab)

सुनील कुमार यादव

  • प्रतापगढ़,
  • 15 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 8:46 PM IST

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेता और ठेकेदार लालबहादुर यादव (48) की मौत हो गई. यह हादसा अंतू थाना क्षेत्र के बाबूगंज बाजार में उस समय हुआ, जब वह अपनी क्रेटा कार से शहर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पेट्रोल पंप के सामने लगाया जा रहा हाईमास्ट पोल अचानक उनकी चलती कार पर गिर गया. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

Advertisement

क्रेन का पट्टा टूटा और सपा नेता की चली गई जान

जानकारी के अनुसार बाबूगंज स्थित एक पेट्रोल पंप पर भारत पेट्रोलियम की करीब 65 फुट ऊंची हाईमास्ट लाइट लगाई जा रही थी. पोल को क्रेन के जरिए खड़ा किया जा रहा था. बताया जा रहा है कि पोल का वजन करीब 40 क्विंटल था. इसी दौरान अचानक क्रेन का पट्टा टूट गया और भारी पोल सीधे लालबहादुर यादव की कार पर गिर पड़ा. हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उन्हें गंभीर चोटें आईं.

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत कार का दरवाजा तोड़कर लालबहादुर यादव को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

Advertisement

चलती कार पर गिरा 65 फीट हाईमास्ट पोल

प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि पोल लगाने के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

मृतक लालबहादुर यादव समाजवादी पार्टी के सक्रिय स्थानीय नेता थे और अंतू नगर पंचायत से दो बार चुनाव लड़ चुके थे. हालांकि दोनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. वह पेशे से पीडब्ल्यूडी ठेकेदार थे और उनके पास देशी शराब का ठेका भी था.

पारिवारिक जानकारी के अनुसार लालबहादुर यादव तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे. उनके परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और इलाके में शोक की लहर है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement