उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में लाइसेंसी बंदूक साफ करते समय अचानक गोली चलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और घर के आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
बताया जा रहा है कि व्यक्ति अपने घर में लाइसेंसी बंदूक की सफाई कर रहा था. इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा, जिससे परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया.
यह भी पढ़ें: लखनऊ में रेलवे सिग्नल बॉक्स को उड़ाने की साजिश, ISI के 4 संदिग्ध गिरफ्तार
घटना के तुरंत बाद परिजन घायल को आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस और फॉरेंसिक जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही जानकीपुरम पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घर का निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के कारणों की पुष्टि हो सके. बता दें कि मृतक रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मचारी थे और इन दिनों यूनियन बैंक में क्लर्क के पद पर काम कर रहे थे.
शुरुआती जांच में मामला हादसा माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बंदूक की सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं.
फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर अहम साक्ष्य जुटाए हैं. घर में हुई इस अचानक घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग इस हादसे को लेकर चर्चा कर रहे हैं.
आशीष श्रीवास्तव