'जाकर देख लो बेटा जिंदा है या नहीं...',बर्थडे पार्टी में 12 साल के मासूम की मौत, सिर के बीचोबीच लगी गोली

लखनऊ में बर्थडे पार्टी के दौरान गोली लगने से सातवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई. मृतक की पहचान 13 साल के उनैज खान के रूप में हुई है. बच्चे के परिवार का आरोप है कि देर शाम उनके पास एक फोन आया फोन पर धमकाते हुए कहा गया कि तुम्हारा भाई लोकबंधु अस्पताल में है, जल्दी आ जाओ. वहां बच्चे की लाश थी.

Advertisement
पार्टी में 12 साल के बच्चे की मौत, सिर में लगी गोली (Photo : itg) पार्टी में 12 साल के बच्चे की मौत, सिर में लगी गोली (Photo : itg)

अंकित मिश्रा / संतोष शर्मा

  • लखनऊ,
  • 03 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 7:48 AM IST

उत्तर प्रदेश में लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में बर्थडे पार्टी के दौरान गोली लगने से सातवीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई. मृतक की पहचान 13 वर्षीय उनैज़ खान के रूप में हुई है. घटना उस समय हुई जब वह नवनीत और अन्य दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाने गया था.

कार से ले गए थे दोस्त और ड्राइवर

सरोजिनी नगर निवासी मृतक के पिता जमीर खान ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे उनके बेटे उनैज़ को उसके दोस्त और ड्राइवर कार से जन्मदिन मनाने के लिए अपने साथ ले गए थे. शाम करीब 7:21 बजे नवनीत के पिता संजीव त्रिपाठी ने मृतक की मां को व्हाट्सएप कॉल किया, जिसे बड़े बेटे उसैद ने रिसीव किया. 

Advertisement

माथे के बीचोबीच लगी गोली

आरोप है कि फोन पर धमकाते हुए कहा गया कि तुम्हारा भाई लोकबंधु अस्पताल में है, जल्दी आ जाओ. परिजन जब लोकबंधु अस्पताल पहुंचे तो आरोप है कि बच्चे से मिलने नहीं दिया गया. कुछ देर बाद पुलिस ने बच्चे को मृत अवस्था में दिखाया. मृतक के माथे के बीच में गोली लगी हुई थी. पिता का कहना है कि इसके बाद भी संजीव त्रिपाठी ने फोन कर धमकी भरे लहजे में पूछा कि देख लो जिंदा है या नहीं.

पेरेंट्स-टीचर मीटिंग में दी गई थी धमकी

मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या साजिश के तहत की गई है. उन्होंने यह भी बताया कि घटना से पहले स्कूल की पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) के दौरान भी संजीव त्रिपाठी ने परिजनों को धमकी दी थी. पिता ने यह भी कहा कि 28 फरवरी को बेटे का भी जन्मदिन था, लेकिन रोजा होने के चलते उस दिन पार्टी नहीं की गई थी. बताया जा रहा है कि जिस बर्थडे पार्टी में उनैज गया था, वह बीजेपी के पूर्व एमएलसी गुड्डू त्रिपाठी के नाबालिग भतीजे और संजीव त्रिपाठी के बेटे के जन्मदिन के मौके पर आयोजित की गई थी. आरोप है कि संजीव त्रिपाठी की लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली चली, जिससे बच्चे की मौत हो गई है.

Advertisement

'एक्सीडेंटल फायर की वजह से मौत'

मामले में डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि सोमवार देर शाम सूचना मिली थी कि 13 वर्षीय उनैज अपने तीन दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी में गया था, जहां एक्सीडेंटल फायर की वजह से उसकी मौत हो गई. पार्टी में मौजूद तीनों नाबालिग लड़कों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement