उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में वैलेंटाइन डे के दिन एक चौंकाने वाला मामला सामने आया. कोखराज थाना क्षेत्र के एक गांव से 16 वर्षीय लड़की अचानक लापता हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया. परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है.
लड़की की मां के मुताबिक, वह बाजार गई थीं. जब वह वापस लौटीं तो बेटी घर पर नहीं थी. उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद उन्हें शक हुआ कि गांव का मिथुन पुत्र चन्दर, जिससे उनकी बेटी बात करती थी. वही उसे अपने साथ ले गया है.
यह भी पढ़ें: कौशांबी में प्रेमी ने शादी में बाधा बनी विधवा प्रेमिका को गला दबाकर मार डाला, रेलवे ट्रैक पर फेंका शव
मां ने थाने में दी तहरीर, पुलिस जांच में जुटी
लड़की की मां ने बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी बिना बताए घर से चली गई. उन्होंने कहा कि बाजार से लौटने पर बेटी घर पर नहीं मिली. खोजबीन के बाद भी जब कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने आरोपी युवक के खिलाफ कोखराज थाने में लिखित शिकायत दी.
पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. मामले को नाबालिग से जुड़ा मानते हुए गंभीरता से जांच की जा रही है.
संभावित ठिकानों पर दबिश
कोखराज थाना प्रभारी चंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. दोनों की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं.
पुलिस का कहना है कि जल्द ही लड़की और युवक को बरामद कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामला जांच के अधीन है और पुलिस हर पहलू से पड़ताल कर रही है.
अखिलेश कुमार