बस्ती में दर्दनाक हादसा, गन्ने से लदा ट्रक पलटने से पति-पत्नी की मौत

बस्ती के फुटहिया ओवर ब्रिज पर ओवरलोडेड गन्ने से लदे ट्रक के ई-रिक्शा पर पलट जाने से पति–पत्नी की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने ट्रक और गन्ना जब्त कर लिया है. परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है. सीओ ने बताया कि ट्रक पर क्षमता से कहीं अधिक गन्ना लदा हुआ था जिस वजह से हादसा हुआ.

Advertisement
ट्रक पलटने से दो लोगों की गई जान (Photo: Screengrab) ट्रक पलटने से दो लोगों की गई जान (Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • बस्ती,
  • 04 दिसंबर 2025,
  • अपडेटेड 1:33 PM IST

उत्तर प्रदेश के बस्ती में फुटहिया ओवर ब्रिज के पास बुधवार शाम को एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ओवरलोडेड गन्ने से लदा ट्रक असंतुलित होकर एक ई-रिक्शा पर पलट गया. ई-रिक्शा में सवार पति–पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

Advertisement

ट्रक का संतुलन बिगड़ने से हादसा

पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब सोनीपत जिले के बोहड़ गांव निवासी भगवान दीन और उनकी पत्नी सोना देवी अपने परिवार के साथ शादी समारोह से लौट रहे थे. ई-रिक्शा से वो अम्बेडकर नगर जा रहे थे. उस दौरान दूसरी तरफ से आ रही ट्रक संतुलन बिगड़ने पर सीधे ई-रिक्शा पर पलट गई.

ट्रक नीचे गिरते ही उसके नीचे से चार लोग दब गए. स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत पहुंच कर मदद की. जेसीबी बुलाकर ट्रक हटाया गया और फंसे लोगों को रेस्क्यू किया गया. पति–पत्नी की हालत गंभीर देख उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई.

ट्रक पर क्षमता से कहीं अधिक लदा था गन्ना: सीओ

सीओ संजय सिंह ने बताया कि जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि ट्रक पर क्षमता से कहीं अधिक गन्ना लदा हुआ था, जिससे संतुलन बिगड़ा और यह हादसा हुआ. उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को सूचित कर लिया गया है और शीघ्र ही एफआईआर के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने हादसे के बाद गन्ना लदे ट्रक को जब्त कर लिया है. इस दुर्घटना ने फिर एक बार दिखा दिया कि गन्ने के सीज़न में ओवरलोडिंग एक जानलेवा खतरा बन चुकी है. ग्रामीण कहते हैं कि हर साल इस तरह के हादसे होते हैं  लेकिन न तो गन्ना ले जाने वालों की जिम्मेदारी तय होती है, न कोई रोकथाम होती है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »