नॉर्थ कोरिया क्रिसमस के मौके पर फिर मिसाइल टेस्ट कर सकता है. मीडिया रिपोर्ट में ऐसी संभावना जताई गई है. आपको बता दें कि किम जोंग हाल ही में माउंट पैकटू पर गया था. इससे इस बात को बल मिल रहा है कि नॉर्थ कोरिया कोई महत्वपूर्ण फैसला ले सकता है. क्योंकि इससे पहले भी नॉर्थ कोरिया के नेता अहम फैसले लेने से पहले इस पहाड़ पर जाते रहे हैं. आइए जानते हैं पूरा मामला...
express.co.uk पर छपी रिपोर्ट के मुताबिक, एक तरफ किम माउंट पैकटू गए, दूसरी ओर कोरिया के न्यूक्लिअर साइट पर भी एक्टिविटी देखने को मिल रही है. इससे पहले नवंबर 2013 में किम ने इस पहाड़ का दौरा किया था, इसके बाद उन्होंने कई उच्च अधिकारियों को मरवा दिया था.
इससे पहले नॉर्थ कोरिया ने अब तक का सबसे शक्तिशाली मिसाइल का टेस्ट किया था. यह मिसाइल करीब 50 मिनट तक हवा में रहा और एक हजार किलोमीटर की दूरी तय की. इसके बाद यह जापान सागर में गिर गया. इससे कोरिया की पहुंच अमेरिका तक हो गई.
दूसरी ओर, नॉर्थ कोरिया पूरी दुनिया से कट गया है. कुछ हफ्ते पहले चीन ने नॉर्थ कोरिया के साथ ट्रेड के लिए इस्तेमाल होने वाला 80 साल पुराना ब्रिज बंद करने का फैसला किया था. इस ब्रिज के जरिए ही 70 से 80 फीसदी वस्तुओं की सप्लाई होती थी. अमेरिका सहित कई देशों ने पहले ही नॉर्थ कोरिया पर आर्थिक प्रतिबंध लगा रखा है.
पिछले कई महीनों से नॉर्थ कोरिया और अमेरिका के बीच रिश्ते काफी तनावपूर्ण बने हुए हैं और ऐसे किसी भी वक्त जंग छिड़ने की आशंका लगातार बनी हुई है.