यूपी के बहराइच के रानीपुर के कारीडीहा गांव में एक जिंदा युवक ने समाधि ले ली. इसे देख वहां मौजूद हजारों लोग भौंचक्के रह गए. 19 साल के इस युवक ने अपने परिवार से समाधि लेने की इच्छा जाहिर की थी. इसके लिए उसके खेत में ही जमीन तले एक कमरा बना दिया. अब लोग युवक की पूजा कर, चढ़ावा चढ़ा रहे हैं.
जानकारी के मुताबिक, रविवार की दोपहर युवक ने करीब दो हजार लोगों की मौजूदगी में समाधि ली है. उसके बाद लोगों ने वहां पूजा शुरू कर दी है. लोगों को हलुवे का प्रसाद भी दिया जा रहा था. समाधि लेने वाले देशराज के पिता शीतल प्रसाद ने बताया कि वह बचपन से ही समाधि की बात करता था.
बेटे का जवाब सुन हैरान थे पिता
उन्होंने बताया कि एक दिन जब देशराज से पूछा कि पढ़-लिखकर क्या बनना चाहते हो? इस पर उसने बताया कि वह बड़ा होकर समाधि लेना चाहता है. कुछ ही दिन बाद उसने खाना-पीना छोड़ दिया. सिर्फ पानी पीकर रहता था. एक दिन वह घर छोड़कर प्रभुनाथ धाम चला गया.
खेत में बनवाई कमरे की समाधि
पिता के मुताबिक, काफी कोशिशों के बाद परिजनों को उसके बारे में पता चला. वे लोग जब प्रभुनाथ धाम, तो उसने घर आने से इंकार कर दिया. आखिरकार अपने खेत में समाधि लेने की शर्त पर वह घर वापस आया. उसके बाद खेत में ही उसके लिए एक कमरे की समाधि बनवाई गई.
aajtak.in