आरजेडी नेता तेजस्वी यादव शनिवार को बोध गया से पटना के लिए साइकिल यात्रा पर रवाना हुए. बोधगया से पटना की 100 किलोमीटर की दूरी अगले 3 दिनों में तेजस्वी यादव साइकिल से करेंगे. उन्होंने यह साइकिल यात्रा प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ हो रहे यौन अत्याचार के विरोध में "एनडीओ भगाओ, बेटी बचाओ" के तहत शुरू की है.
साइकिल यात्रा की शुरुआत करने के लिए तेजस्वी यादव शुक्रवार रात्रि बोधगया पहुंच गए थे. शनिवार की सुबह उन्होंने सबसे पहले महाबोधि मंदिर में पूजा अर्चना की और उसके बाद गया के गांधी मैदान पहुंचे जहां पर उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.
गांधी मैदान से ही इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने तेजस्वी को हरी झंडी दिखाकर साइकिल यात्रा की शुरुआत की. साइकिल यात्रा की शुरुआत करने के दौरान तेजस्वी ने गया में ही बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.
साइकिल यात्रा के दौरान 'आजतक' से बातचीत करते हुए तेजस्वी ने कहा कि नीतीश कुमार शासन में महिलाएं बेहद असुरक्षित हो गई हैं. महिलाओं के खिलाफ हो रहे यौन शोषण की घटनाओं को लेकर तेजस्वी ने कहा कि प्रदेश में राक्षसराज आ चुका है.
तेजस्वी ने कहा कि अगर बिहार में दुर्योधन और रावण की सरकार चल रही है, जो अपराधियों को संरक्षण प्रदान कर रही है. नीतीश कुमार पर आरोप लगाते हुए तेजस्वी ने कहा कि बीजेपी के साथ 2019 लोकसभा चुनाव में सीटों से तालमेल के मसले को सुलझाने में लगा है जिसकी वजह से कानून व्यवस्था की हालत प्रदेश में जर्जर हो चुकी है.
बता दें कि पिछले दिनों मुजफ्फरपुर के बालिका गृह में 29 लड़कियों के साथ रेप की घटना को लेकर तेजस्वी यादव ने महिलाओं को सुरक्षित रखने के लिए इस साइकिल यात्रा की शुरुआत की है.
रोहित कुमार सिंह / वरुण शैलेश