कांग्रेस पार्टी की ओर से विकास दुबे एनकाउंटर मामले में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर हमला तेज कर दिया गया है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ट्वीट के बाद अब प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक वीडियो संदेश जारी किया है. प्रियंका ने मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज से पूरे कांड की न्यायिक जांच होनी चाहिए.
प्रियंका ने ट्वीट में लिखा कि उप्र की कानून-व्यवस्था बदतर हो चुकी है. राजनेता-अपराधी गठजोड़ प्रदेश पर हावी है. कानपुर कांड में इस गठजोड़ की सांठगांठ खुलकर सामने आई. कौन-कौन लोग इस तरह के अपराधी की परवरिश में शामिल हैं- ये सच सामने आना चाहिए.
प्रियंका ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि बीजेपी सरकार ने यूपी को अपराध प्रदेश बना दिया है. बच्चों, महिलाओं के खिलाफ अपराध, हथियारों के मामले में यूपी नंबर एक है.
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इस स्थिति में विकास दुबे जैसे अपराधी फल-फूल रहे हैं, ऐसे लोगों को संरक्षण सत्ता में बैठे लोगों से होता है. प्रियंका ने कहा कि विकास के एनकाउंटर के बाद शहीदों के परिवार को कैसे न्याय से भरोसा दिला सकते हैं.
ये ज़रूर पढ़ेंः बिकरू शूटआउट से लेकर विकास दुबे के एनकाउंटर तक, जानिए हर दिन क्या हुआ
आपको बता दें कि इस वीडियो संदेश से पहले प्रियंका गांधी ने ट्वीट भी किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि अपराधी का अंत हो गया, अपराध और उसको सरंक्षण देने वाले लोगों का क्या?
इसके अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी ट्वीट कर विकास दुबे के एनकाउंटर मामले पर निशाना साधा. कांग्रेस नेता ने एक शायरी को ट्वीट कर लिखा, ‘हजारों जवाबों से अच्छी है खामोशी उसकी, न जाने कितने सवालों की आबरू रख ली’.
Must Read: यूपी पुलिस का बदला? विकास दुबे के एनकाउंटर पर पुलिस को देने हैं कई सवालों के जवाब
कांग्रेस की ओर से लगातार आरोप लगाया जा रहा है कि विकास दुबे का एनकाउंटर इसलिए कर दिया गया, क्योंकि वो पूछताछ में कई राज खोल सकता था. इनमें राजनीतिक लोगों और पुलिस के लोगों का नाम सामने आ सकता था. इससे पहले भी विकास दुबे का साथ देने वाले पुलिसवालों को अरेस्ट किया जा चुका है.
aajtak.in