चीन के साथ एलएसी पर चल रही तनातनी के बीच पाकिस्तान भी अपनी नापाक हरकतों को अंजाम देने में लगा हुआ है. नई जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान एयर फोर्स पीओके में अपने लड़ाकू विमानों की तैनाती बढ़ा रही है. यही नहीं शनिवार को पीएएफ के मौजूदा प्रमुख एयर चीफ मार्शल मुजाहिद अनवर खान ने पीओके में स्थित एक एयर बेस का दौरा भी किया.
पीटीआई की खबर के मुताबिक पाकिस्तान वायु सेना (पीएएफ) के प्रमुख ने शनिवार को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में एक बेस का दौरा किया. वहां उन्होंने विभिन्न ऑपरेशनल गतिविधियों का जायजा लिया.
पीटीआई ने रेडियो पाकिस्तान के हवाले से बताया है कि गिलगित-बाल्टिस्तान के स्कार्दू में पीएएफ बेस कादरी में बेस में मौजूद जवानों को संबोधित करते हुए पाकिस्तान के एयर चीफ मार्शल मुजाहिद अनवर खान ने कहा कि पीएएफ अपनी सिस्टर सर्विसेज के साथ "कभी भी प्रतिकूल परिस्थितियों में किसी भी दुस्साहस का जवाब देने के लिए तैयार है."
यह भी पढ़ें: LAC पर तनाव के बीच हुआ PoK में चीनी चाल का खुलासा
खान ने वहां अपने जवानों से कहा कि पाकिस्तान वायु सेना क्षेत्र में भू-रणनीतिक विकास के प्रति पूरी तरह से सतर्क है और दुश्मन की आक्रामकता को विफल करने के लिए तैयार है. पीएएफ चीफ ने अपने इस दौरे के समय बेस पर फाइटर एयरक्राफ्ट और कॉम्बेट सपोर्ट की चीजों की तेजी से की जा रही तैनाती का भी जायजा लिया.
पाकिस्तानी आर्मी को चीन ने सर्विलांस सिस्टम से किया गया लैस
इससे कुछ दिन पहले ही खुफिया सूत्रों के हवाले से खुलासा हुआ था कि जम्मू कश्मीर के राजौरी सेक्टर के सामने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में चीन ने पाकिस्तान को सर्विलांस सिस्टम से लैस किया है.
यह भी पढ़ें: ब्रिटिश सांसदों को PoK बुलाने के लिए पाकिस्तान ने की थी 30 लाख रुपये की फंडिंग
सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई थी कि पीओके जियारत टॉप और फॉरवर्ड डिफेंस लोकेशन चलीरा में कई जगहों पर पाकिस्तान ने चीन की मदद से आधुनिक सर्विलांस सिस्टम लगाया है. इस सर्विलांस इक्विपमेंट से भारतीय सुरक्षा बलों की सामरिक गतिविधियों पर नजर रखने का बड़ा प्लान तैयार किया गया है.
aajtak.in