दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में सुलहनामे के बीच हुई वारदात से लोगों का दिल दहल उठा. वैलेंटाइन डे को पति-पत्नी के बीच सुलह करान के लिए दोनों के परिजन मिले. मीटिंग शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. इस बीच एक शख्स की चाकू गोद करके हत्या कर दी गई. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
लड़की के घरवालों का आरोप है कि लड़केवालों ने उन पर लाठी और डंडे से हमला कर दिया. इस बीच एक शख्स ने चाकू निकाला और उसके सामने जो भी आया उस पर ताबड़तोड़ चाकू से कई वार कर दिए. इस मारपीट में लड़की के एक रिश्तेदार शाहिद (45) की मौत हो गई, तीन लोग घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.
जानकारी के मुताबिक, मुस्तफाबाद के नेहरू विहार में रहने वाले परवेज की शादी 4 साल पहले नबी करीब की रहने वाली रुखसार से हुई थी. शादी के बाद से ही दोनों के बीच झगड़े शुरू हो गए थे. लड़की के घरवालों के अनुसार सुसराल वाले दहेज के लिए परेशान करते ही थे, लेकिन कुछ दिनों से सुसर की भी लड़की पर गलत नजर रहती थी.
इसकी शिकायत लड़की ने अपने घरवालों से की थी. इस पर ये सारा मामला तूल पकड़ गया. रुखसार अपने घर नबी करीम चली गई. इसी बीच दोनों परिवारों में सुलह की बात चली. 14 फरवरी को मीटिंग हुई, लेकिन बात बिगड़ गई और एक शख्स की जान चली गई. डीसीपी सिंगला ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
मुकेश कुमार / हिमांशु मिश्रा