श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया के पास 5-0 से सीरीज जीतने का सुनहरा मौका

अब तक सभी चार मैचों में श्रीलंका के खिलाफ मजबूत तरीके से जीत हासिल करने के बाद टीम इंडिया आज यहां खेले जाने वाले सीरीज के पांचवें और आखि‍री मुकाबले में जीत दर्जकर ‘क्लीन स्वीप’ करना चाहेगा.

Advertisement
टॉफी की साथ श्रीलंका और भारत के कप्तान टॉफी की साथ श्रीलंका और भारत के कप्तान

aajtak.in

  • रांची,
  • 16 नवंबर 2014,
  • अपडेटेड 1:16 PM IST

अब तक सभी चार मैचों में श्रीलंका के खिलाफ मजबूत तरीके से जीत हासिल करने के बाद टीम इंडिया आज यहां खेले जाने वाले सीरीज के पांचवें और आखि‍री मुकाबले में जीत दर्जकर ‘क्लीन स्वीप’ करना चाहेगा.

विश्व कप में 100 दिन से भी कम समय बचा है और ऐसे में अपना बढ़ा हुआ मनोबल बरकरार रखने के लिए पहले ही सीरीज जीत चुकी विराट कोहली के नेतृत्व वाली भारतीय टीम 5-0 से जीत दर्ज करना चाहेगी.

Advertisement

भारत ने जहां पहले तीन मुकाबले शानदार तरीके से अपने नाम किए वहीं चौथा मुकाबला ऐतिहासिक रहा क्योंकि मैच में रोहित शर्मा ने 264 रनों की पारी खेलकर अपना नाम रिकार्ड बुक में दर्ज करा लिया है. साथ ही उनकी पारी के सहारे भारत ने मैच में श्रीलंका को 153 रनों से हराया .

रैना को आराम
श्रीलंका से सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम प्रबंधन ने सीनियर बल्लेबाज सुरेश रैना को आखिरी वनडे के लिये आराम देने का फैसला किया है. भारत के सहायक कोच संजय बांगड़ ने पत्रकारों से कहा, 'रविवार के मैच में सुरेश रैना नहीं खेलेंगे. उन्हें आराम दिया गया है. उनके अलावा सभी क्रिकेटर सेलेक्शन के लिए उपलब्ध हैं. रैना के नहीं खेलने से भारत की टीम 13 सदस्यीय रह गई है और ऐसे में महाराष्ट्र के बल्लेबाज केदार जाधव को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका मिल सकता है.

Advertisement

वहीं सीरीज में सर्वाधिक विकेट ले चुके उमेश यादव ने गेंदबाजी अभ्यास नहीं किया. ऐसी संभावना है कि उनकी जगह कर्नाटक के तेज गेंदबाज आर विनय कुमार को उतारा जाएगा.

परेशान हैं श्रीलंकाई कप्तान
श्रीलंका के कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने माना है कि एक के बाद एक शर्मनाम हार से उनकी टीम के लिए कुछ भी सही नहीं हो रहा है. सबसे परेशानी की बात ये है कि वे भारत को टक्कर भी नहीं दे पा रहे हैं. तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा की गैर मौजूदगी में जहां श्रीलंकाई गेंदबाजी में धार नजर नहीं आ रही है वहीं टीम का क्षेत्ररक्षण भी प्रभावशाली नहीं है.

संयोगवश रोहित सीरीज में भारत के तीसरे ऐसे शतकवीर रहे हैं जिनकी पारी की शुरूआती में कैच श्रीलंकाई टीम ने छोड़ दिया था. रोहित जब चार रन पर खेल रहे थे तब थिसारा परेरा ने उनका एक आसान कैच छोड़ दिया और यह कैच छोड़ना उनकी पूरी टीम को काफी महंगा पड़ा. रोहित इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय मैचों की सीरीज में उंगली की चोट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर थे और वापसी के बाद उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ दमदार पारी खेली.

रोहित सीरीज के पहले तीन मैचों में नहीं खेले थे लेकिन चौथे मुकाबले में जब उन्हें शिखर धवन की जगह लाया गया तो उन्होंने मौके का पूरा फायदा उठाते हुए दोहरा शतक जमा दिया. मुंबई के इस बल्लेबाज ने दर्शनीय पारी खेलते हुए जहां 100 गेंदों में अपने पहले 100 रन पूरे किए. वहीं अगले 164 रन केवल 73 गेंदों पर बनाए. रोहित की यह पारी श्रीलंकाइयों को डराती रहेगी और जब वह आज यहां के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम परिसर में खेलने उतरेंगे तब भी यह उनके जेहन में रहेगा.

Advertisement

मजबूत है भारत की बल्लेबाजी
भारतीय टीम के केवल एक बल्लेबाज ने ही नहीं बल्कि पूरे शीर्ष क्रम ने टीम के अच्छे प्रदर्शन में योगदान दिया है चाहे वह सलामी बल्लेबाज अजिन्क्य रहाणे हों या तीसरे क्रम पर आने वाले अंबती रायडू. साथ ही कप्तान विराट कोहली ने भी अपने सह खिलाड़ियों को बढ़ावा देने में गजब की परिपक्वता दिखाई है. पिछले मैच में कोहली ने 66 रनों की धैर्यपूर्वक पारी खेलकर रोहित को ज्यादा से ज्यादा स्ट्राइक दी. दोनों ने 202 रनों की अच्छी साझेदारी की थी.

गेंदबाजी विभाग में उमेश यादव ने अच्छा प्रदर्शन कर सबसे ज्यादा 10 विकेट लिए हैं जबकि बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाल अक्षर पटेल चार मुकाबलों में नौ विकेट चटकाकर रवींद्र जडेजा के लिए कड़े प्रतिस्पर्धी के तौर पर सामने आ रहे हैं. (भाषा से इनपुट)

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement