पहली पारी के शतकवीर चेतेश्वर पुजारा की मजबूत पारी के दम पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट के तीसरे दिन शनिवार को कुल 166 रनों की बढ़त बना ली.
तीसरे दिन का खेल समाप्त होने पर भारत ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 151 रन बना लिये थे. पुजारा 40 और अजिंक्य रहाणे एक रन बनाकर खेल रहे थे. पुजारा और कोहली ने तीसरे विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी की.
शनिवार को एडिलेड ओवल में मैच के दौरान मैदानी अंपायर नाइजल लॉन्ग ने एक नहीं, बल्कि दो-दो बार ऐसी गलतियां कीं, जिसकी वजह से उन्हें शर्मिंदा होना पड़ा.
भारत की दूसरी पारी के दौरान अंपायर लॉन्ग ने पुजारा को दो बार आउट दिया. लेकिन, दोनों ही बार DRS ने नाइजल लॉन्ग को गलत साबित करते हुए पुजारा को क्रीज पर बनाए रखा, जिसका फायदा भारत को मिला.
भारत की बल्लेबाजी के दौरान 23.5 ओवर में नाथन लियोन की गेंद पर अंपायर लॉन्ग ने चेतेश्वर पुजारा को कॉट-बिहाइंड (विकेट के पीछे आउट) दे दिया. लेकिन, पुजारा ने DRS की मदद ली, जिसमें साफ हुआ कि पुजारा के बैट का किनारा नहीं लगा है और मैदानी अंपायर को अपना फैसला बदलना पड़ा.
इसके बाद 39.2 ओवर में नाथन लियोन की ही गेंद पर अंपायर लॉन्ग ने फिर चेतेश्वर पुजारा को एलबीडब्ल्यू आउट दे दिया. पुजारा ने फिर DRS की मदद ली, जिसमें साफ हुआ कि गेंद स्टंप मिस कर रही है और मैदानी अंपायर को दूसरी बार अपना फैसला बदलना पड़ा.
इस तरह पुजारा दो बार लकी रहे नहीं, तो तस्वीर अलग हो सकती थी. आपको बता दें कि भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कुल 166 रनों की बढ़त बना ली.
तीसरे दिन का खेल समाप्त होने पर भारत ने दूसरी पारी में तीन विकेट पर 151 रन बना लिये थे. इससे पहले भारत के पहली पारी के 250 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 235 रनों पर आउट हो गई थी.
तरुण वर्मा