बिहार के उप मुख्यमंत्री और राज्य वित्त मंत्रियों की प्राधिकृत समिति के अध्यक्ष सुशील कुमार मोदी के नेतृत्व में देश के लगभग 20 राज्यों के वित्त मंत्रियों का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल आगामी सात सितम्बर से 17 सितम्बर तक यूरोप के चार देशों फ्रांस, स्पेन, बेल्जियम एवं लग्जमबर्ग के दौरे पर जायेगा.
अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अपनी उक्त विदेश दौरे के लिए मोदी आगामी छह सितम्बर को पटना से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे. राज्यों के वित्त मंत्रियों का यह प्रतिनिधिमंडल उक्त चारों देशों में कार्यान्वित वस्तु एवं सेवा कर की पद्धतियों का अध्ययन करेगा.
मोदी के नेतृत्व में यूरोप के विदेश दौरे पर जा रहे उक्त उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री डाक्टर रमेश पोखरियाल निशंक, असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई, मणिपुर के मुख्यमंत्री ओ इबोबी सिंह, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री ए ए पवार सहित आंध्र प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उडीसा, मध्यप्रदेश आदि राज्यों के वित्त मंत्री शामिल हैं.
बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने बताया कि इस दौरे के दौरान फ्रांस की राजधानी पेरिस, स्पेन की राजधानी मैड्रिड, बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स एवं लग्जमबर्ग में वहां के वित्त मंत्रालयों एवं उससे संबंधित कार्यालयों में विभिन्न बैठकों के दौरान भारत के विभिन्न राज्यों के वित्तमंत्रियों का यह प्रतिनिधिमंडल ‘वस्तु एवं सेवा कर’ की कार्यान्वयन पद्धति का व्यापक अध्ययन करेगा. उन्होंने बताया कि यूरोपीय संघ के मुख्यालय एवं बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में ‘यूरोपीय आयोग’ के सदस्यों के साथ भी भारत का यह प्रतिनिधिमंडल विचार विमर्श करेगा तथा जीएसटी मामलों के निष्पादन के तौर तरीकों के बारे में जानकारी प्राप्त करेगा.
मोदी ने कहा कि लग्जमबर्ग में ‘यूरोपियन कोर्ट आफ जटिस्स’ की संचालन व्यवस्था को भी यह प्रतिनिधिमंडल देखेगा तथा वहां जीएसटी की निष्पादन प्रक्रिया का अध्ययन करेगा. प्रतिनिधिमंडल के साथ कई अधिकारी भी विदेश दौरे पर जायेंगे.
भाषा