पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने मंगलवार 15 अगस्त को भारत के 70वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सभी भारतवासियों को बधाई दी है. अफरीदी में ट्विटर के जरिए दोनों देशों के बीच प्यार और शांति बढ़ाने की गुजारिश की.
अफरीदी ने लिखा, भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई, पड़ोसी बदले नहीं जा सकते. हमें मिलकर शांति, सहनशीलता और प्रेम की दिशा में काम करना चाहिए. मानवता को मजबूत होने दें, आशा ना टूटे. अफरीदी के फैंस ने भी उनके इस ट्वीट के जवाब में भारत को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी.
भारत का पड़ोसी देश पाकिस्तान अपना स्वतंत्रता दिवस एक दिन पहले यानि की 14 अगस्त को मनाता है. दोनों देशों के आजाद होने के दिन में केवल 24 घंटों का फर्क है, लेकिन वक्त के साथ दोनो देशों के रिश्तों में अंतर बढ़ता ही चला गया.
भारत और पाकिस्तान के बीच कई युद्ध हुए हैं. वहीं हाल ही में सीमा पर कई सीजफायर उल्लंघन की घटनाएं भी हुई है जिससे तनाव और बढ़ा है. ऐसे में शाहिद अफरीदी का ये संदेश शांति की दिशा में एक छोटी लेकिन मजबूत कोशिश है.
क्रिकेट के मैदान पर अफरीदी कई बार भारतीय खिलाड़ियों से भिड़े हैं , लेकिन मैदान के बाहर उनके बीच कोई मनमुटाव नहीं है. अफरीदी की युवराज सिंह, जहीर खान और हरभजन सिंह के साथ अच्छी दोस्ती है. इससे पहले अफरीदी के पाकिस्तान सुपर लीग में हिस्सा लेने पर युवराज ने उनके लिए वीडियो मैसेज भी भेजा था.
आपको बता दें कि शाहिद अफरीदी इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं. 36 साल के अफरीदी का क्रिकेट करियर 21 साल का रहा. अफरीदी ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में 27 टेस्ट मैच खेले. इनमें उन्होंने 1176 रन बनाए. उनका सबसे बड़ा स्कोर 156 रहा. आफरीदी ने 48 विकेट भी लिए.
वहीं, उन्होंने कुल 398 वनडे मैच खेले, इनमें 8,064 रन बनाए. वनडे में अफरीदी का सबसे बड़ा स्कोर 124 रन रहा. लेग स्पिन बॉलिंग करते हुए अफरीदी ने कुल 395 विकेट अपनी झोली में डाले. टी20 में अफरीदी ने कुल 98 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, इनमें 1405 रन बनाए, इस फॉर्मेट में उन्होंने कुल 97 विकेट झटके.
केशवानंद धर दुबे / विजय रावत