न्यूजीलैंड के स्टार प्लेयर रॉस टेलर सोमवार (4 अप्रैल) को अपना आखिरी वनडे खेलने उतरे हैं. यह उनका इंटरनेशनल क्रिकेट में आखिरी मैच है. मैच के दौरान रॉस टेलर भावुक होते नजर आए. नेशनल एंथम के दौरान उनकी आंख से आंसू छलक पड़े. यह सब कैमरे में भी कैद हो गया.
दरअसल, रॉस टेलर ने पिछले साल 30 दिसंबर को ही इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था. उन्होंने कहा था कि ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड्स के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद वह सीमित ओवरों की क्रिकेट को अलविदा कहेंगे. जबकि बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज उनका आखिरी टेस्ट असाइनमेंट होगा. यह सभी पूरे हो चुके हैं.
आखिरी वनडे में तीनों बच्चे भी साथ दिखें
न्यूजीलैंड अपने घर में नीदरलैंड्स के खिलाफ तीन वनडे की सीरीज खेल रही है. इसका आखिरी मैच सोमवार को हुआ. सीरीज के शुरुआती दोनों मैच न्यूजीलैंड पहले ही जीत चुका है. तीसरे मैच में नेशनल एंथम के दौरान रॉस टेलर के साथ उनके तीनों बच्चे एडिलेड, जॉन्टी और मैक्केंजी नजर आए. नीदरलैंड्स के खिलाफ सीरीज का यह आखिरी वनडे हेमिल्टन के सेडॉन पार्क स्टेडियम में है. इस मुकाबले में टेलर 14 रन बनाकर कॉट एंड बोल्ड हो गए.
आखिरी टेस्ट में भी भावुक हुए थे टेलर
रॉस टेलर ने अपना आखिरी टेस्ट मैच बांग्लादेश के खिलाफ इसी साल 9 जनवरी से क्राइस्टचर्च में खेला था. इसी मैच में न्यूजीलैंड के सबसे सफलतम टेस्ट बल्लेबाज टेलर आखिरी बार सफेद जर्सी में न्यूजीलैंड के लिए खेलते दिखाई दिए थे. इस दौरान रॉस टेलर भावुक भी हुए.
टेलर ने खेले कुल 450 इंटरनेशनल मुकाबले
रॉस टेलर ने अब तक 450 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिसमें 112 टेस्ट, 236 वनडे और 102 टी20 इंटरनेशनल शामिल हैं. टेलर ने टेस्ट मैचों में एवरेज 44.66 की एवरेज से 7683 रन बनाए हैं, जिसमें 19 शतक शामिल रहे. वहीं वनडे इंटरनेशनल (आखिरी मैच से पहले) में उनके नाम पर 47.73 की औसत से 8593 रन दर्ज हैं. टी20 इंटरनेशनल में टेलर ने 122.37 की स्ट्राइक रेट से 1909 रन बनाए हैं.
aajtak.in