महेंद्र सिंह धोनी लंबे समय से क्रिकेट के मैदान से दूर हैं और उनकी कमी टीम इंडिया के खिलाड़ियों की खूब खल रही है. BCCI ने लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल का एक वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है.
दरअसल, टीम इंडिया तीसरे टी-20 इंटरनेशनल मैच के लिए बस में बैठकर ऑकलैंड से हैमिल्टन जा रही थी. इस दौरान बस में युजवेंद्र चहल ने टीम इंडिया के खिलाड़ियों का इंटरव्यू लिया.
खल रही है धोनी की कमी
युजवेंद्र चहल ने बताया कि टीम इंडिया महेंद्र सिंह धोनी को बहुत याद करती है. चहल बस में एमएस धोनी की कोने वाली सीट पर जाते हैं. धोनी की सीट की तरफ इशारा करते हुए चहल कहते हैं, 'यह वो सीट है जहां एक दिग्गज बैठते थे. माही भाई. अभी भी यहां कोई नहीं बैठता. हम उन्हें बहुत मिस करते हैं.'
वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में धोनी के रनआउट से दुखी थे चहल
आपको बता दें कि हाल ही में युजवेंद्र चहल ने इंडिया टुडे के मंच पर कहा था कि जब न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में धोनी भाई आउट होकर वापस लौट रहे थे तो वह पल बहुत ही दुखद था जिसे हम सभी भूलना चाहेंगे. चहल ने बताया कि धोनी के आउट होने के बाद लगा वर्ल्ड कप अब खत्म हो गया है.
ये भी पढ़ें- कोहली ने जिम में किया हैरतअंगेज स्टंट, VIDEO देख हैरान हुए फैंस
चहल ने कहा कि वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में जब माही भाई को आउट होकर जाते हुए देखा तो वो काफी दुखद पल था. मेरी आंखों में आंसू थे. जो वर्ल्ड कप में हुआ उसे मैं भूलना चाहूंगा और टी-20 वर्ल्ड कप अगर भारत में आ जाए तो बहुत अच्छा होगा.
बुमराह ने दिया मजेदार जवाब
इसके अलावा चहल ने बुमराह का इंटरव्यू लिया. चहल ने बताया कि बुमराह से बात करने के लिए उन्हें 50 पेटी (50 लाख) देनी पड़ी है. जब चहल ने बुमराह से पूछा कि आप मेरे साथ डिनर पर क्यों नहीं जाते तो उन्होंने कहा, 'जब आप बुलाओगे तो हम आ जाएंगे.' इस पर चहल ने कहा कि आपको जल्दी बुलाना पड़ेगा तो बुमराह ने जवाब दिया कि हां फिर आपको मेरे हिसाब से खाना पड़ेगा. क्योंकि लेट हो जाता है तो हम सो जाते हैं.'
aajtak.in