इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 में रोहित शर्मा की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस ने अपनी छठी जीत हासिल की. 9 मई (मंगलवार) को वानखेड़े स्टेडियम में हुए मुकाबले में पांच बार की चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को छह विकेट से हरा दिया. मुकाबले में आरसीबी ने मुंबई को 200 रनों का टारगेट दिया था, जिसे उसने 17वें ओवर में ही हासिल कर लिया.
इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस की टीम अंकतालिका में तीसरे नंबर पर आ गई है. मुंबई की टीम ने 11 में से छह मैच जीते हैं. वहीं आरसीबी की अब 11 में से छह मुकाबले हारकर सातवें नंबर पर लुढ़क गई है. देखा जाए तो इस मुकाबले में आरसीबी की टीम एक समय मजबूत स्थिति में दिख रही थी, लेकिन उसके बाद उसने मोमेंटम खो दिया. आइए मैच से जुड़ी पांच टर्निंग प्वाइंट्स के बारे में जानते हैं...
1. डेथ ओवरों में धड़ाम हुए आरसीबी के बल्लेबाज: एक समय रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 12.2 ओवरों में दो विकेट पर 136 रन बनाए थे. तब ऐसा लग रहा था कि वह आसानी से 200 रनों का आंकड़ा पार कर लेगी, लेकिन मुंबई के गेंदबाजों ने ग्लेन मैक्सवेल और फाफ डु प्लेसिस को आउट करके रनों पर ब्रेक लगा दिया. नतीजतन आरसीबी की टीम 199 रन ही बना सकी. यानी शुरुआती 74 गेंदों पर आरसीबी ने 136 रन बनाए, वहीं आखिरी 46 गेंदों पर वह 63 रन ही बना सकी और उसके चार विकेट गिरे.
2. ईशान की ताबड़तोड़ शुरुआत: 200 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी मुंबई को ईशान किशन ने ताबड़तोड़ शुरुआत दी. ईशान ने जोश हेजलवुड, मोहम्मद सिराज और वानिंदु हसारंगा की गेंदों पर कुछ जबरदस्त प्रहार किए. ईशान किशन ने सिर्फ 21 गेंदों पर 42 रन बनाए जिसमें चार चौके और इतने ही छक्के शामिल रहे. अपनी तूफानी पारी के दौरान ईशान ने रोहित शर्मा के साथ मिलकर 28 गेंदों पर 51 रनों की पार्टनरशिप की. ईशान को वानिंदु हसारंगा ने अनुज रावत के हाथों कैच आउट कराया.
3. सूर्या का बवंडर: सूर्यकुमार यादव इस मुकाबले में पूरी लय में दिखाई दिए. सूर्या ने क्रीज पर उतरते हुए चौके-छक्कों की बरसात शुरू कर दी. उनकी बैटिंग का आरसीबी के गेंदबाजों के पास कोई जवाब नहीं था. सूर्या ने वानखेड़े स्टेडियम की छोटी बाउंड्री का भी जमकर फायदा उठाया. सूर्यकुमार यादव ने 35 गेंदों पर 83 रनों की पारी खेली. सूर्या ने इस दौरान सात चौके और छह छक्के लगाए. आईपीएल करियर में सूर्या का ये बेस्ट स्कोर रहा.
4. वढेरा का भी धमाका: तिलक वर्मा के चोटिल होने के चलते नेहाल वढेरा को मुंबई इंडियंस की टीम मैनेजमेंट मौका दे रही है. नेहाल ने लगातार दूसरे मुकाबले में अर्धशतकीय पारी खेलकर अपने चयन को सही साबित किया. नेहाल ने 34 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 52 रन बनाए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल रहे. सूर्या और वढेरा के बीच तीसरे विकेट के लिए 64 गेंदों पर 140 रनों की साझेदारी हुई.
5. इम्पैक्ट प्लेयर का दांव फेल: आरसीबी ने केदार जाधव को बतौर इम्पैक्ट प्लेयर इस मुकाबले में उतारा था. केदार जाधव ने 12 गेंदों का सामना करते हुए 100 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए. केदार जाधव फिनिशर के तौर पर उतरे थे, लेकिन वह आखिरी ओवरों में तेजी से रन नहीं बना पाए. यदि आरसीबी ने 20-25 रन और बनाए होते तो मुकाबले का नतीजा अलग हो सकता था.
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने छह विकेट पर 199 रन बनाए थे. ग्लेन मैक्सवेल ने 33 गेंदों पर 68 रनों की पारी खेली, जिसमें आठ चौके और चार छक्के शामिल रहे. वहीं कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 41 गेंदों पर 65 रनों की पारी खेली. इस दौरान उन्होंने पांच चौके और तीन छक्के लगाए. ग्लेन मैक्सवेल और फाफ डु प्लेसिस ने तीसरे विकेट के लिए 120 रनों की धमाकेदार साझेदारी की. मुंबई की ओर से जेसन बेहरेनडॉर्फ ने तीन विकेट लिए.
मुंबई इंडियंस ने बनाया ये बड़ा रिकॉर्ड
जवाब में मुंबई इंडियंस ने 16.3 ओवरों में टारगेट हासिल कर लिया. सूर्यकुमार ने 83, नेहाल वढेरा ने नाबाद 52 और ईशान किशन ने 42 रन बनाए.आरसीबी के लिए वानिंदु हसारंगा और वैशाक विजय कुमार ने दो-दो खिलाड़ियों को आउट किया. आईपीएल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ जब किसी टीम ने 200 से ज्यादा का टारगेट 17 ओवर के अंदर हासिल कर लिया.
IPL में सूर्यकुमार यादव के उच्चतम स्कोर स्कोर:
83(35) बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 2023
82(40) बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, 2021
79*(43) बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, 2020
79*(47) बनाम राजस्थान रॉयल्स, 2020
aajtak.in