IPL-12: प्लेऑफ पर दिल्ली की नजरें, रबाडा और पंत पर होगा जिम्मा

दिल्ली और मुंबई दोनों के अभी आठ-आठ मैचों में दस अंक हैं और वे यहां जीत दर्ज करके प्लेऑफ के लिए अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेंगे. दिल्ली अभी बेहतर रन रेट के आधार पर दूसरे और मुंबई तीसरे स्थान पर है.

Advertisement
Delhi Capitals vs Mumbai Indians Delhi Capitals vs Mumbai Indians

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 18 अप्रैल 2019,
  • अपडेटेड 4:31 PM IST

दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों में से एक कैगिसो रबाडा के बेजोड़ प्रदर्शन से जीत की हैट्रिक बनाने वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम आज मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल मैच में विजय अभियान जारी रखने उतरेगी. इस दौरान फिर से निगाहें ऋषभ पंत पर टिकी रहेंगी जो विश्व कप टीम में जगह नहीं पाने के कारण चर्चा के केंद्र में हैं.

दिल्ली और मुंबई दोनों के अभी आठ-आठ मैचों में दस अंक हैं और वे यहां जीत दर्ज करके प्लेऑफ के लिए अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेंगे. दिल्ली अभी बेहतर रन रेट के आधार पर दूसरे और मुंबई तीसरे स्थान पर है.

Advertisement

भारतीय चयनकर्ताओं ने इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप के लिए पंत की जगह अनुभवी दिनेश कार्तिक को प्राथमिकता दी है. इसके बाद यह पहला मैच होगा और यह युवा विकेटकीपर बल्लेबाज पिछले दो दिन की घटनाओं को भुलाकर अच्छा प्रदर्शन करके अपने समर्थकों में जोश भरना चाहेगा.

पंत ने मुंबई के खिलाफ पहले मैच में 27 गेंदों पर 78 रन की तूफानी पारी खेली थी जिससे दिल्ली ने यह मैच 37 रन से जीता था. मुंबई के गेंदबाजों के लिए जहां पंत, शिखर धवन, श्रेयस अय्यर और पृथ्वी शॉ को रोकना चुनौती होगी वहीं उसके बल्लेबाजों के लिए रबाडा के तूफान से पार पाना आसान नहीं होगा.

दिल्ली ने अब तक आठ में से जो पांच मैच जीते हैं उनमें रबाडा की भूमिका अहम रही है. इस दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज ने अब तक 17 विकेट लिए हैं और हमवतन क्रिस मॉरिस (11 विकेट) ने उनका अच्छा साथ निभाया है.

Advertisement

वर्ल्ड कप: भारत के स्टैंडबाय खिलाड़ी होंगे पंत, रायडू और सैनी

रबाडा ने मुंबई के खिलाफ 21 रन देकर चार विकेट लिए थे. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ दिल्ली में सुपर ओवर में वह जीत के नायक रहे जबकि रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने चार-चार विकेट निकाले थे. दिल्ली ने पिछले तीन मैचों में बेंगलुरु को चार विकेट, केकेआर को सात विकेट और हैदराबाद को 39 रन से हराया. मुंबई ने पिछले मैच में बेंगलुरु को हराकर दो हार के बाद जीत दर्ज की.

दर्शकों को रोहित शर्मा और रबाडा के बीच रोचक जंग की उम्मीद रहेगी, लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि मुंबई के सबसे सफल बल्लेबाज क्विटंन डि कॉक और डेथ ओवरों में धमाचौकड़ी मचाने वाले हार्दिक पंड्या उनका किस तरह से सामना करते हैं.

दिल्ली के बल्लेबाजों विशेषकर शॉ और पंत जैसे युवा खिलाड़ियों को जसप्रीत बुमराह और लसिथ मलिंगा जैसे तेज गेंदबाजों से निपटना होगा. इन गेंदबाजों के सामने भारतीय क्रिकेट का भविष्य कहे जा रहे इन दोनों बल्लेबाजों का रवैया कैसा रहता है यह देखना दिलचस्प होगा.

दिल्ली ने जहां पिछले तीनों मैच जीते हैं वहीं मुंबई की टीम अभी तक जीत की लय बरकरार रखने में नाकाम रही है. बल्लेबाजी में अक्सर हार्दिक पंड्या ने अंतिम ओवरों में तेजतर्रार बल्लेबाजी करके टीम को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया. कीरोन पोलार्ड, युवराज सिंह और सूर्यकुमार यादव टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन कर पाए हैं. शीर्ष क्रम नाकाम रहने पर इनकी भूमिका अहम साबित होगी.

Advertisement

टीमें:

दिल्ली: श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), पृथ्वी शॉ, अमित मिश्रा, अवेश खान, राहुल तेवतिया, जयंत यादव, कॉलिन मुनरो, क्रिस मॉरिस, कैगिसो रबाडा, संदीप लामिछाने, ट्रेंट बोल्ट, शिखर धवन, हनुमा विहारी, अक्षर पटेल, ईशांत शर्मा, अंकुश बैंस, नाथू सिंह, कोलिन इनग्राम, शेरफेन रदरफोर्ड, कीमो पॉल, जलज सक्सेना, बंडारू अयप्पा.

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या, युवराज सिंह, क्रुणाल पंड्या, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, मयंक मार्कंडेय, राहुल चहर, अनुकूल रॉय, सिद्धेश लाड, आदित्य तारे, क्विंटन डि कॉक, इविन लुईस, कीरोन पोलार्ड, बेन कटिंग, मिशेल मैक्लेंघन, एडम मिल्ने, जेसन बेहरेनडोर्फ, अनमोलप्रीत सिंह, बरिंदर स्रां, पंकज जायसवाल, रसिख सलाम, जसप्रीत बुमराह.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement