भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए स्टेडियम में खेला जा रहा है. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 59.1 ओवरों में बिना कोई विकेट गंवाए 202 रन बना लिए हैं. पहले दिन का खेल खत्म होने तक रोहित शर्मा (115 रन) और मयंक अग्रवाल (84 रन) क्रीज पर हैं. 60वें ओवर में अंपायर्स के बीच बातचीत हुई.
स्टेडियम में खराब रोशनी की वजह से लाइट्स भी ऑन हो गई थी. खराब मौसम के कारण समय से पहले खेल समाप्ति की घोषणा कर दी गई. बारिश के कारण दिन के आखिरी सेशन का खेल नहीं हो सका और समय से काफी पहले दिन के खेल समाप्ति की घोषणा कर दी गई. पहले दिन सिर्फ दो सेशन का ही खेल हो सका जिसमें भारत ने 59.1 ओवरों में बिना कोई विकेट खोए 202 रन बना लिए हैं.
ओपनिंग डेब्यू में रोहित ने ठोका शतक
रोहित शर्मा ने ओपनिंग करते हुए टेस्ट में अपना पहला शतक ठोक दिया है. रोहित ने 154 गेंदों में 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से सेंचुरी ठोकी है. रोहित के टेस्ट करियर का यह चौथा शतक है. रोहित ने 54वें ओवर की आखिरी गेंद पर सिंगल लेकर शतक पूरा किया. शतक के लिए उन्होंने 154 गेंदों का सामना किया. रोहित के टेस्ट करियर पर नजर डाली जाए तो उन्होंने 2013 में वेस्ट इंडीज के खिलाफ शतक लगाकर शानदार आगाज किया था, लेकिन उसके बाद उन्हें अपना स्थान बनाए रखने के लिए संघर्ष करना पड़ा.
बता दें कि इससे पहले प्रैक्टिस मैच में रोहित शर्मा ओपनिंग करने उतरे तो वह शून्य पर आउट हो गए थे. लेकिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में रोहित शर्मा ने जमकर रन लूटे. शुरुआत में रोहित थोड़ा संभलकर खेले, लेकिन बाद में उन्होंने चौके-छक्के बरसाए. रोहित ने मैच के दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर कैगिसो रबाडा को बैकवर्ड पॉइंट पर चौका लगाते हुए खाता खोला. रोहित ने 29वें ओवर में चौका लगाकर अर्धशतक पूरा किया. यह उनके टेस्ट करियर का 11वां अर्धशतक है, जबकि ओपनर के तौर पर पहला है.
ओपनर के तौर पर पहली ही पारी में शतक बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज
187 शिखर धवन बनाम ऑस्ट्रेलिया, मोहाली 2012/13
110 केएल राहुल बनाम ऑस्ट्रेलिया, सिडनी 2014/15
134 पृथ्वी शॉ बनाम वेस्टइंडीज, राजकोट 2018/19
100*रोहित शर्मा बनाम साउथ अफ्रीका, विशाखापत्तनम 2019/20
भारत ने जीता टॉस
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और दक्षिण अफ्रीका को पहले गेंदबाजी दी. भारत ने मैच से एक दिन पहले ही अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया था. रोहित शर्मा को टेस्ट में पहली बार सलामी बल्लेबाज के तौर पर चुना गया है. कोहली ने इस मैच के लिए युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत को बाहर कर अनुभवी विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा को मौका दिया है. चोट से वापसी करने के बाद यह साहा की पहली सीरीज होगी.
मेजबान होने के नाते भारत को जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है. रोहित अब तक टेस्ट में मध्य क्रम में ही खेलते आए हैं, लेकिन लोकेश राहुल के खराब फॉर्म के कारण उन्हें टेस्ट में पारी की शुरुआत करने का मौका मिला है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में रोहित सिर्फ दो गेंदों पर बिना कोई रन बनाए आउट हो गए थे. इस शून्य के बाद रोहित के ऊपर अपने आप को साबित करने का दबाव बढ़ गया है.
विंडीज में वह अंतिम-11 में नहीं चुने गए थे. चोट के कारण वह बाहर होने से पहले बल्ले से भी अच्छे फॉर्म में थे और विकेटकीपिंग भी शानदार तरीके से कर रहे थे. साहा के लिए उसी फॉर्म को जारी रखना चुनौती होगा. गेंदबाजी में भारत के लिए जसप्रीत बुमराह का न होना चिंता का विषय है. वह चोट के कारण बाहर है. उनकी अनुपस्थिति में ईशांत शर्मा और मोहम्मद शमी की जिम्मेदारी बढ़ गई है. कोहली ने रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन की जोड़ी को अंतिम-11 में मौका दिया है. इन दोनों के अलावा विहारी भी ऑफ स्पिनर हैं.
सीरीज जीतने से बनेगा ये बड़ा रिकॉर्ड
दूसरी तरफ, भारतीय टीम घरेलू सरजमीं पर रिकॉर्ड लगातार 11वीं टेस्ट सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगी. यह सीरीज तीन टेस्ट मैचों की है. टीम इंडिया अपनी धरती पर फरवरी 2013 से लगातार टेस्ट सीरीज जीत रही है. फिलहाल भारत और ऑस्ट्रेलिया लगातार 10-10 टेस्ट घरेलू सीरीज जीतकर बराबरी पर हैं. ऑस्ट्रेलिया ने दो बार (नवंबर 1994 से नवंबर 2000 और जुलाई 2004 से नवंबर 2008) अपनी धरती पर लगातार 10-10 टेस्ट सीरीज जीती है.
प्लेइंग इलेवन
टीम इंडिया: विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, आर. अश्विन, रवींद्र जडेजा, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), ईशांत शर्मा, मो. शमी.
दक्षिण अफ्रीका: एडेन मार्करम, डीन एल्गर, थ्यूनिस डी ब्रुइन, टेम्बा बावूमा, फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), क्विंटन डि कॉक (विकेटकीपर), वर्नोन फिलेंडर, सेनुरन मुथुसामी, केशव महाराज, डेन पीट, कैगिसो रबाडा
aajtak.in