बांग्लादेश बना अंडर-19 वर्ल्ड चैम्पियन, फाइनल में भारत को 3 विकेट से हराया

बांग्लादेश ने अंडर-19 2020 वर्ल्ड कप जीत लिया है. रविवार को फाइनल में उसने भारत को 3 विकेट से हरा दिया. बांग्लादेश ने पहली बार अंडर-19 वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाया.

Advertisement
Live Score Ind vs Ban U19 Final Live Score Ind vs Ban U19 Final

aajtak.in

  • पोटचेफ्स्ट्रूम (दक्षिण अफ्रीका),
  • 09 फरवरी 2020,
  • अपडेटेड 10:08 PM IST

बांग्लादेश ने अंडर-19 2020 वर्ल्ड कप जीत लिया है. रविवार को फाइनल में उसने भारत को 3 विकेट से हरा दिया. बांग्लादेश ने पहली बार अंडर-19 वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाया. यह बांग्लादेश के क्रिकेट इतिहास में पहला वर्ल्ड कप का खिताब है. इससे पहले बांग्लादेश की सीनियर टीम या महिला क्रिकेट टीम कोई भी वर्ल्ड कप जैसा खिताब नहीं जीत पाई थी. अकबर अली की कप्तानी वाली बांग्लादेश टीम ने 2020 अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीत लिया. रविवार को फाइनल में उसने शानदार फॉर्म में चल रही भारतीय टीम को हराकर पहली बार अंडर-19 वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाया.

Advertisement

इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया 47.2 ओवरों में 177 रन पर ऑलआउट हो गई. भारत की ओर से यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा 88 रन बनाए. यशस्वी जायसवाल के अलावा कोई दूसरा बल्लेबाज नहीं टिक पाया. ध्रुव जुरेल ने 22, कप्तान प्रियम गर्ग ने सात, अथर्व अंकोलेकर ने तीन, रवि बिश्नोई ने दो, सुशांत मिश्रा ने तीन और आकाश सिंह ने नाबाद एक रन बनाया. बांग्लादेश की टीम ने इसके जवाब में 42.1 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया.

बांग्लादेश ने 23 गेंद शेष रहते डकवर्थ लुइस नियम के तहत सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. बांग्लादेश की ओर से परवेज हुसैन इमोन ने 47, कप्तान अकबर अली ने नाबाद 43 और तंजीद हसन ने 17 रन बनाए. भारत की ओर से रवि बिश्नोई ने 10 ओवर में 30 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट लिए. उनके अलावा सुशांत मिश्रा ने दो और यशस्वी जायसवाल ने एक विकेट हासिल किया.

Advertisement

टीम इंडिया 177 रनों पर हुई ऑलआउट

अविषेक दास की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से बांग्लादेश ने बेहतरीन फॉर्म में चल रहे यशस्वी जासवाल के अर्धशतक के बावजूद भारत को आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप के फाइनल में 177 रनों पर ढेर कर दिया. सलामी बल्लेबाज जायसवाल ने 121 गेंद में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 88 रनों की पारी खेलने के अलावा तिलक वर्मा (38) के साथ दूसरे विकेट के लिए 94 और ध्रुव जुरेल (22) के साथ चौथे विकेट के लिए 42 रनों की साझेदारी की, लेकिन इसके बावजूद टीम इंडिया 47.2 ओवर में ढेर हो गई.

ये भी पढ़ें- कभी बेचे गोलगप्पे, शतक ठोक टीम इंडिया के लिए पेश की दावेदारी

इन तीनों के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज दोहरे अंक में नहीं पहुंच पाया. भारत ने अंतिम छह विकेट सिर्फ 21 रन जोड़कर गंवाए. बांग्लादेश की ओर से अविषेक ने 40 रन देकर तीन जबकि शरीफुल इस्लाम (31 रन देकर दो विकेट) और तनजीम हसन साकिब (28 रन पर दो विकेट) ने दो-दो चटकाए.

बांग्लादेश के कप्तान अकबर अली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद भारत की शुरुआत बेहद धीमी रही. पाकिस्तान अंडर-19 टीम के खिलाफ सेमीफाइनल में भारत को 10 विकेट से जीत दिलाने वाली जायसवाल और दिव्यांश सक्सेना की जोड़ी सातवें ओवर में ही टूट गई जब टीम का स्कोर सिर्फ नौ रन था.

शरीफुल और तनजीम ने भारतीय सलामी जोड़ी पर दबाव बनाया जिसका फायदा उठाते हुए तेज गेंदबाज अविषेक ने सक्सेना को बैकवर्ड प्वाइंट पर महमूदुल हसन के हाथों कैच करा दिया. सक्सेना ने 17 गेंद में दो रन बनाए. जायसवाल और वर्मा ने इसके बाद पारी को संवारा. जासवाल ने आठवें ओवर में तनजीम पर पारी का पहला चौका मारा और फिर अविषेक पर भी बाउंड्री जड़ी.

Advertisement

जायसवाल ने 17वें ओवर में शमीम हुसैन पर चौके के साथ टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया. बांग्लादेश के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाया. वर्मा ने 25वें ओवर में अविषेक पर चौके के साथ भारत के 50 गेंद के बाउंड्री के सूखे को खत्म किया. जायसवाल ने तौहिद हृदय की गेंद पर एक रन के साथ 89 गेंद में मौजूदा वर्ल्ड कप का चौथा अर्धशतक पूरा किया.

जायसवाल ने 29वें ओवर में तनजीम पर छक्के के साथ भारत का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया, लेकिन इसी ओवर में वर्मा डीप बैकवर्ड प्वाइंट पर शरीफुल को कैच दे बैठे. उन्होंने 65 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके मारे. कप्तान प्रियम गर्ग नौ गेंद में सात रन बनाने के बाद रकीबुल की गेंद पर तनजीम को बेहद आसान कैच दे बैठे जिससे भारत का स्कोर तीन विकेट पर 114 रन हो गया.

जायसवाल ने इसके बाद कुछ आकर्षक शॉट खेले लेकिन शरीफुल ने 40वें ओवर में उन्हें और सिद्धेश वीर (00) को लगातार गेंदों पर पवेलियन भेजकर भारत को दोहरा झटका दिया. ध्रुव जुरेल भी 38 गेंद में 22 रन बनाने के बाद अथर्व अनकोलेकर के साथ गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हुए. रवि बिश्नोई (02) भी रन आउट हुए जबकि अविषेक ने अनकोलेकर (03) और कार्तिक त्यागी (00) को पवेलियन भेजा. तनजीम ने सुशांत मिश्रा (03) को पवेलियन भेजकर भारत की पारी का अंत किया.

Advertisement

टीमें:

भारत: यशस्वी जायसवाल, दिव्यांश सक्सेना, तिलक वर्मा, ध्रुव जुरेल, प्रियम गर्ग (कप्तान), सिद्धेश वीर, अथर्व अंकोलेकर, कार्तिक त्यागी, सुशांत मिश्रा, रवि बिश्नोई और आकाश सिंह.

बांग्लादेश: परवेज हुसैन, तंजीद हसन, महमूदुल हसन जॉय, तौहीद हृदॉय, शहादत हुसैन, शमीम हुसैन, अकबर अली (कप्तान), रकीबुल हसन, शोरिफुल इस्लाम, तनजीम हसन और अभिषेक दास.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement