भारत ने पाकिस्तान को 17 रन से हराकर लगातार छठी बार महिला एशिया कप के खिताब पर कब्जा जमा लिया है. बैंकॉक में हुए फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 121 रन बनाए. भारतीय टीम की तरफ से ओपनर मिताली राज ने शानदार 73 रन की नाबाद पारी खेली और झूलन गोस्वामी ने 17 रन बनाए. पाकिस्तान की स्पिनर अनम अनीम ने 24 रन देकर दो विकेट लिए
भारत ने पाकिस्तान को हराया
122 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम बीस ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 104 रन ही बना सकी. भारतीय गेंदबाजों में से बाएं हाथ की स्पिनर एकता बिष्ट ने सबसे ज़्यादा दो विकेट लिए. इसी टूर्नामेंट के एक लीग मैच में भारत ने कुछ दिन पहले पाकिस्तान को पांच विकेट से हराया था.
झूलन ने रचा इतिहास
इस मुकाबले में भारतीय ऑलराउंडर झूलन गोस्वामी ने भारतीय क्रिकेट में नया इतिहास रचा है. पाकिस्तानी ओपनर आयशा जफर को क्लीन बोल्ड करते ही तेज गेंदबाज झूलन ने टी 20 क्रिकेट में विकेटों का अर्द्धशतक पूरा कर लिया. ऐसा करने वाली वो भारत की पहली गेंदबाज बन गई हैं. झूलन के बाद जल्द ही एक्ता बिष्ट भी ऐसा कर सकती हैं. एकता ने अब तक 43 विकेट अपने नाम किए हैं जबकि टीम की दूसरी तेज गेंदबाज पूनम यादव ने अब तक 34 विकेट झटके हैं.
वर्ल्ड कप में मिली हार का बदला लिया
उससे पहले इसी साल भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को वर्ल्ड टी20 में भी मात दी थी. एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के अलावा श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल और थाईलैंड की टीमों ने भी हिस्सा लिया.भारतीय टीम की इस जीत पर विराट कोहली, वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह ने ट्वीट कर बधाई दी.
अतीत शर्मा / अमित रायकवार