चेन्नई के एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 12वें सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच यह अहम मैच हो रहा है. चेन्नई के खिलाफ टॉस जीतकर राजस्थान ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है.
इस मैच में जहां चेन्नई जीत की हैट्रिक लगाने के लिए उतरी है. वहीं, राजस्थान इस सीजन की पहली जीत की तैयारी के साथ उतरी है. बता दें कि मौजूदा चैम्पियन चेन्नई ने आपीएल के इस सीजन में अपने शुरुआती दोनों मैचों में जीत दर्ज की है और रैंकिंग में दूसरे नंबर पर है. जबकि अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली राजस्थान को अपने शुरुआती दोनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा है.
गौर हो कि चेन्नई की इस विकेट पर सीजन के उद्धघाटन मुकाबले में दोनों टीमों को मिलाकर केवल 141 रन ही बने थे. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की टीम चेन्नई के खिलाफ इस विकेट पर मात्र 70 रन पर ढेर हो गई थी. दूसरी तरफ राजस्थान की टीम शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 2 विकेट पर 198 रन बनाने के बावजूद इस स्कोर का बचाव नहीं कर पाई थी.
राजस्थान के विस्फोटक बल्लेबाज संजू सैमसन ने पिछले मैच में शतक लगाया था और टीम को एक बार फिर उनसे ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी. दूसरी ओर, महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई ने विषम परिस्थितियों में लाजवाब प्रदर्शन किया है.
अनुभवी ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह, इमरान ताहिर और हरफनमौला खिलाड़ी ड्वेन ब्रावो ने पिछले दोनों मैच में गजब का प्रदर्शन किया है. ताहिर और ब्रावो ने पिछले दो मैचों में 2-2 जबकि हरभजन और रवींद्र जडेजा ने 3-3 विकेट चटकाए हैं.
चेन्नई का विकेट पिछले मैच में स्पिनरों के लिए मददगार रही थी और धोनी जडेजा, ताहिर और हरभजन की तिकड़ी के साथ एक बार फिर मैदान में उतर सकते हैं. बल्लेबाजी में शेन वाटसन, केदार जाधव, ब्रावो और धोनी की मदद से चेन्नई किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकता है.
टीमें:
चेन्नई सुपर किंग्स : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), सुरेश रैना, अंबति रायडू, शेन वॉटसन, फाफ डुप्लेसिस, मुरली विजय, केदार जाधव, सैम बिलिंग्स, रवींद्र जडेजा, ध्रुव शोरे, चैतन्य बिश्नोई, ऋतुराज गायकवाड़, ड्वेन ब्रावो, कर्ण शर्मा, इमरान ताहिर, हरभजन सिंह, मिशेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, मोहित शर्मा, केएम आसिफ, डेविड विली, दीपक चाहर, एन जगदीशन (विकेटकीपर).राजस्थान रॉयल्स : अजिंक्य रहाणे (कप्तान), स्टीव स्मिथ, बेन स्टोक्स, जोफ्रा आर्चर, जोस बटलर, एश्टन टर्नर, ईश सोढ़ी, ओशेन थॉमस, लियाम लिविंगस्टोन, संजू सैमसन, शुभम रंजन, स्टुअर्ट बिन्नी, श्रेयस गोपाल, सुधेशान मिधुन, जयदेव उनादकट , प्रशांत चोपड़ा, महिपाल लोमरोर, आर्यमन बिड़ला, रियान पराग, धवल कुलकर्णी, कृष्णप्पा गौतम, वरुण आरोन, शशांक सिंह, मनन वोहरा, राहुल त्रिपाठी.
अजीत तिवारी