3 ओवर में 9 विकेट... इस 'अनजान' गेंदबाज ने रच दिया इतिहास, टी20 इंटरनेशनल में पहली बार हुआ ऐसा

इंटरनेशनल क्रिकेट में एक ऐसा कारनामा हुआ है, जिसने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया. ब्राजील की तेज गेंदबाज ने लेसोथो के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल मैच में 9 विकेट लेकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया.

Advertisement
ब्राजील की गेंदबाज लॉरा कार्डोसो का ऐतिहासिक प्रदर्शन (Photo: Instagram/@lalavillass) ब्राजील की गेंदबाज लॉरा कार्डोसो का ऐतिहासिक प्रदर्शन (Photo: Instagram/@lalavillass)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • गैबोरोन (बोत्सवाना),
  • 09 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 7:14 PM IST

ब्राज़ील और लेसोथो के बीच खेले गए विमेंस T20 इंटरनेशनल मुकाबले में लॉरा कार्डोसो (Laura Cardoso) ने गेंद से ऐसा कहर बरपाया, जो इससे पहले कभी नहीं देखा गया था. दाएं हाथ की तेज गेंदबाज कार्डोसो ने अपने तीन ओवर के स्पेल में मात्र 4 रन देकर 9 विकेट झटके. कार्डोसो किसी टी20 इंटरनेशनल (महिला या पुरुष) मैच में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी बन गईं.

Advertisement

इससे पहले यह रिकॉर्ड भूटान के सोमन येशे के नाम था, जिन्होंने दिसंबर 2025 में म्यांमार के खिलाफ मेन्स टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 8 विकेट लिए थे. वहीं विमेंस टी20 इंटरनेशनल मैच में इससे पहले बेस्ट गेंदबाजी का रिकॉर्ड इंडोनेशिया की आर. रोहमलिया के नाम पर दर्ज थे. रोहमलिया ने 2024 में मंगोलिया के खिलाफ मैच में बिना कोई रन दिए 7 विकेट चटकाए थे.

लगातार पांच गेंदों पर पांच विकेट
लॉरा कार्डोसो ने अपने स्पेल की शुरुआत दूसरे ओवर में की और आते ही बल्लेबाजों पर दबाव बना दिया. अपने पहले ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर उन्होंने विकेट्स लेकर हैट्रिक बनाई. फिर कार्डोसो ने अपने अगले ओवर की शुरुआती दो गेंदों पर दो विकेट झटके. यानी कार्डोसो ने लगातार पांच विकेट चटका डाले.

दूसरे ओवर में कुल मिलाकर लॉरा कार्डोसो ने चार विकेट अपने नाम किए. फिर अपने तीसरे ओवर में कार्डोसो ने 2 विकेट झटके. ब्राजील की ओर से बाकी का एक विकेट मैरिएन आर्थर ने लिया. कार्डोसो की सटीक गेंदबाजी के सामने लेसोथो की पूरी टीम महज 6.2 ओवरों में 13 रन पर ऑलआउट हो गई और 6.2 ओवर में ही पारी खत्म हो गई.

Advertisement

9 अप्रैल को गैबोरोन के बोत्सवाना क्रिकेट एसोसिएशन ओवल-2  में खेले गए इस मैच में ब्राजील ने 8 विकेट पर 202 रन बनाए. मोननिके मचाडो ने 7 चौके की मदद से 41 बॉल पर शानदार 69* रनों की पारी खेली. वहीं रोबर्टा एवरी ने 35 गेंदों पर 48 रनों का योगदान दिया. इसके बाद लॉरा कार्डोसो का कहर देखने को मिला और ब्राजील ने 189 रनों से जीत दर्ज की.

लॉरा कार्डोसो का यह प्रदर्शन टी20 क्रिकेट में गेंदबाज़ी के नए मानक तय करता है. टी20 इंटरनेशनल में एक पारी में 9 विकेट लेना अब तक असंभव माना जाता था, लेकिन उन्होंने इसे संभव कर दिखाया. यह प्रदर्शन सिर्फ एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास का एक यादगार पल है. कार्डोसो ने यह साबित कर दिया कि क्रिकेट में कुछ भी नामुमकिन नहीं है. यह रिकॉर्ड लंबे समय तक चर्चा में रहेगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement