इंग्लैंड के खिलाफ 144 रनों की शानदार पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को पहले एशेज टेस्ट मैच के पहले दिन सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने वाले स्टीव स्मिथ ने माना कि एक साल के बैन के दौरान उन्होंने कई बार क्रिकेट से संन्यास लेने के बारे में सोचा. स्मिथ दक्षिण अफ्रीका सीरीज के दौरान गेंद से छेड़छाड़ मामले में शामिल होने के कारण प्रतिबंध झेलने के बाद पहला टेस्ट खेल रहे हैं.
30 साल के स्मिथ का कहना है, 'पिछले 15 महीनों में कई बार ऐसा समय आया जब मैं यह नहीं जानता था कि मैं कभी क्रिकेट खेल पाऊंगा या नहीं.'
स्मिथ ने क्रिकइंफो से कहा, 'एक समय पर मैंने इसके लिए प्यार खो दिया था, खासकर उस समय जब मेरी कोहनी का ऑपरेशन हुआ था. ये काफी अजीब था, ये वो दिन था, जब मेरी कोहली के ब्रेसेस हटाए गए, मुझे फिर से इसके लिए प्यार मिला. मुझे नहीं पता कि ये क्या था, ये एक ट्रिगर की तरह था जिसने कहा कि मैं फिर से मैदान में जाने के लिए तैयार हूं, मैं खेलना चाहता हूं.'
स्मिथ ने एजबेस्टन टेस्ट में अपने करियर का 24वां शतक पूरा किया. उन्होंने कहा, 'इससे पहले मेरे अंदर ऐसी भावना कभी नहीं थी. मुझे खेल से बहुत ज्यादा प्यार नहीं था, और ये थोड़ी देर के लिए था. किस्मत से, वो प्यार वापस लौट आया. मैं वास्तव में इसके लिए आभारी हूं, ऑस्ट्रेलिया के लिए फिर से खेल रहा हूं और मुझे जो पसंद है वो कर रहा हूं.'
उन्होंने इस शतक को अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ शतकों में से एक बताया. स्मिथ ने कहा, 'मैं समझता हूं कि यह मेरे सबसे अच्छे शतकों में से एक है, निश्चित रूप से पहले एशेज टेस्ट मैच में सुबह गेंद मूव कर रही थी इसलिए मुझे वास्तव में कड़ी मेहनत करनी पड़ी.'
स्मिथ 24 टेस्ट शतक बनाने वाले दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज बने
स्टीव स्मिथ टेस्ट क्रिकेट में 24 शतक बनाने वाले दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज बन गए हैं. स्मिथ ने एजबेस्टन मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ गुरुवार को पहले एशेज टेस्ट की पहली पारी में 144 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया को 284 के स्कोर तक ले गए.
30 वर्षीय बल्लेबाज ने 118वीं पारी में अपना 24वां टेस्ट शतक लगाया. महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन ने यह कीर्तिमान केवल 66 पारियों में ही स्थापित कर दिया था.
भारत के कप्तान विराट कोहली इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं. उन्होंने 24 शतक जड़ने के लिए 123 टेस्ट पारियां लीं. इसके बाद सचिन तेंदुलकर का नंबर आता है जिन्होंने 125 पारियों में 24 शतक जड़े.
aajtak.in