रोहतास जिले के डेहरी स्थित व्यवहार न्यायालय में मंगलवार को भोजपुरी फिल्म अभिनेता और लोकसभा चुनाव 2024 के पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी पवन सिंह पेश हुए. मामला लोकसभा चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन से जुड़ा है, जिसमें उनके खिलाफ पहले से एफआईआर दर्ज है. इस मामले में उन्हें कोर्ट से जमानत मिल गई. जानकारी के अनुसार पवन सिंह ने 2024 के लोकसभा चुनाव में काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था. आरोप है कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने प्रशासनिक अनुमति से अधिक वाहनों और समर्थकों के साथ रोड शो निकाला, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और नियमों का उल्लंघन हुआ. इसी प्रकरण में उन्हें अदालत ने तलब किया था.