समाज में कई जगहों पर किन्नर वर्ग को उपक्षित समझा जाता है. यही वजह है कि किन्नर न तो आसानी से किसी स्कूल-कॉलेज में दिखाई देते हैं और न ही हमारे दफ्तरों में. आपने इन्हें सिर्फ शादी-विवाह जैसे मांगलिक कार्यों में शगुन लेते देखा होगा. या फिर आर्थिक तंगी से परेशान होकर ट्रैफिक सिग्नल पर भीख मांगते. बहुत से लोगों तो इस असमंजस में भी रहते हैं कि किन्नरों को दान करना भी चाहिए या नहीं. आइए आज आपको इस बारे में विस्तार से बताते हैं.
महाभारत में श्रीकृष्ण भगवान अर्जुन से कहते हैं- हे पार्थ! संसार का हर जीव ईश्वर की रचना है. कोई तुच्छ नहीं और वरदान या श्राप प्राकृतिक नहीं. लेकिन अक्सर मनुष्य अपने अज्ञान में कुछ वर्गों को उपेक्षित कर देता है. धर्म ये कहता है तु्म्हारे द्वार पर जो आए उसे कभी खाली हाथ न जाने देना. श्रीकृष्ण का यह कथन सृष्टि के तमाम जीवों पर समान रूप से लागू होता है.
सनातन परंपरा में दान-धर्म के कार्यों का विशेष महत्व बताया गया है. कहते हैं कि सही जगह और सही समय पर किया गया दान जीवन में सकारात्मक ऊर्जा लाता है और ग्रहों से जुड़ी बाधाओं को दूर करता है. खासकर दान अगर किसी गरीब, जरूरतमंद या किन्नरों जैसे उपेक्षित वर्ग दिया जाए तो इसका महत्व कई गुना अधिक हो सकता है. ज्योतिष शास्त्र में किन्नर समुदाय को ग्रहों के राजकुमार बुध से जोड़कर देखा जाता है. इसलिए इन्हें इसी ग्रह से संबंधित चीजें दान करने के लिए कहा जाता है. आइए जानते हैं कि किन्नरों को कौन सी चीजें दान की जा सकती हैं.
हरे रंग की चीजें
हरे रंग को बुध ग्रह का प्रतीक माना जाता है. इसलिए अगर आप हरे रंग की चीजें किन्नरों को दान करेंगे तो इससे बहुत लाभ मिलेगा. आप हरे रंग के कपड़े, हरी चूड़ियां या सुहाग सामग्री दान कर सकते हैं.
हरी मूंग
बुधवार के दिन किन्नरों को हरी मूंग का दान करना भी बहुत शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इस एक चीज का दान किन्नरों को देने से सारी चिंताएं, बाधाएं खत्म हो जाती हैं. इनकी प्रार्थना में बड़ी ताकत होती है. इसलिए इनके आशीर्वाद से स्वत: ही ईश्वर की कृपा हो जाती है.
सिक्का-सुपारी
भगवान की पूजा में अर्पित की जाने वाली सुपारी को एक सिक्के के साथ किन्नरों को देना भी बहुत लाभकारी माना जाता है. कहते हैं कि इसे कुंडली में बुध ग्रह से जुड़ी समस्याएं समाप्त होती हैं. आर्थिक मोर्चे पर आने वाली हर समस्याओं का अंत इससे हो जाता है. जिन लोगों का कार्य-कारोबार में अड़चनें आती हैं या फिर दुकान आदि में मुनाफा नहीं होता है. उनके लिए यह उपाय बड़ा कारगर माना जाता है.
धन का दान
सामर्थ्य के अनुसार, किन्नरों को धन का दान करना भी बहुत माना जाता है. आप शादी-विवाह या घर में कोई अन्य मांगलिक होने पर किन्नरों को धन का दान कर उनकी आर्थिक सहायता कर सकते हैं. आप चाहें तो यह कार्य बुधवार के दिन भी किया जा सकता है.
aajtak.in