Hindu Dharam: क्या सच में खत्म होने वाला है कलियुग? जानें पुराणों में कल्कि अवतार की भविष्यवाणी

Hindu Dharam: हिंदू धर्म के अनुसार भगवान विष्णु का अंतिम अवतार कल्कि, कलियुग के अंत में प्रकट होगा. पुराणों में बताया गया है कि वे अधर्म का नाश कर धर्म की पुनः स्थापना करेंगे. जानें कल्कि अवतार का जन्म स्थान, स्वरूप, युद्ध और इससे जुड़ी अहम भविष्यवाणियां.

Advertisement
कल्कि अवतार (Photo: ITG) कल्कि अवतार (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 27 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:12 AM IST

Hindu Dharam: हिंदू धर्म के अनुसार, जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब भगवान विष्णु अलग-अलग अवतार लेकर संतुलन स्थापित करते हैं.  उनका अंतिम और दसवां अवतार कल्कि अवतार माना जाता है. शास्त्रों के अनुसार, जब कलयुग में पाप अपने चरम पर पहुंच जाएगा, नदियां सूखने लगेंगी और इंसान ही इंसान का दुश्मन बन जाएगा, तब भगवान विष्णु कल्कि अवतार के रूप में प्रकट होंगे. विष्णु पुराण और श्रीमद्भागवत पुराण में बताया गया है कि यह अवतार कलयुग और सतयुग के संधिकाल में होगा, जिसका उद्देश्य धर्म की पुनः स्थापना करना होगा. 

Advertisement

कहां होगा कल्कि अवतार का जन्म?

धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, कल्कि अवतार का जन्म शंभल नामक स्थान पर होगा. उनके पिता का नाम विष्णुयशा बताया गया है, जो एक तपस्वी ब्राह्मण होंगे. 

कैसा होगा कल्कि अवतार का स्वरूप?

पुराणों में वर्णन मिलता है कि भगवान कल्कि एक सफेद घोड़े पर सवार होकर प्रकट होंगे, जिसका नाम देवदत्त बताया गया है. उनके हाथ में एक चमकदार तलवार होगी और उनकी गति बिजली से भी अधिक तेज मानी जाती है.  उनका रूप अत्यंत दिव्य और प्रभावशाली होगा. 

कौन देंगे उन्हें शिक्षा?

मान्यता है कि भगवान परशुराम उनके गुरु होंगे. वे कल्कि को युद्ध कला और अस्त्र-शस्त्र की शिक्षा देंगे, जिससे वे अधर्म का नाश कर सकें. 

किससे होगा कल्कि अवतार का युद्ध?

कल्कि अवतार का मुख्य उद्देश्य अधर्म, पाप और अन्याय का अंत करना होगा.  वे उन दुष्ट शासकों और लोगों का विनाश करेंगे, जो समाज में बुराई फैलाते हैं. यह युद्ध सिर्फ शारीरिक नहीं, बल्कि अच्छाई और बुराई के बीच एक बड़ा संघर्ष माना जाता है. 

Advertisement

कौन होगा सबसे बड़ा शत्रु?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कल्कि अवतार का सबसे बड़ा शत्रु 'कलि' होगा, जो कलियुग की नकारात्मक शक्तियों का प्रतीक है. इसी शक्ति का अंत करके कल्कि धर्म की पुनः स्थापना करेंगे. 

कौन देगा इस युद्ध में साथ?

मान्यता है कि इस धर्मयुद्ध में हनुमान, अश्वत्थामा और कृपाचार्य जैसे चिरंजीवी भी उनका साथ देंगे. 

कैसे होगा कलियुग का अंत?

जब अधर्म पूरी तरह फैल जाएगा, तब कल्कि अवतार प्रकट होकर उसका अंत करेंगे.  उनके अवतरण के साथ ही धरती पर फिर से शुद्धता आएगी और सतयुग की शुरुआत मानी जाएगी. यह घटना अच्छाई और बुराई के बीच अंतिम विजय का प्रतीक होगी. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement