Arthik rashifal January 2023: नया साल शुरू हो गया है और इस साल का पहला महीना कई राशि के जातकों के लिए बेहद शुभ रहने वाला है. ज्योतिषियों का कहना है कि इस महीने मेष और मकर राशि के जातकों की आय बढ़ने की प्रबल संभावनाएं हैं. हालांकि खर्चों के चलते कुछ राशियों का बजट बिगड़ भी सकता है. आइए जानते हैं 2023 का पहला महीना जनवरी आर्थिक मोर्चे पर किन राशियों के लिए शुभ रहने वाला है.
मेष- जनवरी 2023 में खर्चों में बढ़ोतरी होगी, लेकिन आय के साधनों से धन आता रहेगा. इस महीने आप पैसा निवेश करके अच्छा लाभ कमा सकते हैं. खर्चों के साथ-साथ अपनी बचत पर भी ध्यान दें. जो जातक विदेशी व्यापार में शामिल हैं और विदेशी मुद्रा के जरिए लाभ कमा रहे हैं, उन्हें थोड़ा सावधान होने की जरूरत है.
वृष- धन के मामले में वृषभ राशि के जातक सकारात्मक परिणाम की उम्मीद कर सकते हैं. साल के पहले महीने आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर होगी. इस महीने धन का प्रवाह अच्छा रहेगा. आप किसी नई संपत्ति में भी निवेश कर सकते हैं, जो भविष्य में लाभकारी साबित होगी. आपको पैतृक संपत्ति से लाभ प्राप्त होने की संभावना अधिक है. कुल मिलाकर यह महीना आपकी आय में वृद्धि कर सकता है.
मिथुन- आर्थिक दृष्टिकोण से मिथुन राशि के जातकों साल का पहला महीना औसत रहने की संभावना है. शॉर्टकट तरीके से धन कमाना आपको मुश्किल में डाल सकता है. यह समय जुआ, लॉटरी और शेयर बाजार में निवेश करने के लिए अनुकूल नहीं है. आपको इस तरह की सारी गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी जाती है.
कर्क- जनवरी 2023 में कर्क राशि के जातकों को आर्थिक मोर्चे पर शुभ परिणाम मिल सकते हैं. जो जातक लेखन, कविता व किसी अन्य रचनात्मक क्षेत्र में हैं, उनके लिए यह महीना आर्थिक रूप से बेहतर रहेगा. नौकरी में बदलाव करने की सोच रहे हैं तो ये महीना आपके लिए अच्छा है. इसके साथ ही वेतन वृद्धि होने के भी योग बनेंगे.
सिंह- सिंह राशि के जातकों का आर्थिक जीवन प्रभावित हो सकता है, क्योंकि आठवें भाव में बृहस्पति की उपस्थिति है. इसके कारण आपको किसी भी निवेश में नुकसान का सामना करना पड़ सकता है. यदि आप इस महीने सट्टा, जुआ या शेयर मार्केट में पैसा निवेश करने का प्लान बना रहे हैं तो इसमें आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है. पैसे की बचत करने का एकमात्र तरीका है कि अपने खर्चों को घटाएं.
कन्या- यदि आप कोई कंपनी चला रहे हैं तो इस महीने आपको ज्यादा प्रगति देखने को नहीं मिल सकती है. जनवरी के तीसरे सप्ताह में आपका क्रेडिट स्कोर बढ़ेगा और आपकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी. अगर आप पैतृक संपत्ति से जुड़ा व्यापार करना चाहते हैं तो यह आपके लिए लाभदायक होगा. नौकरीपेशा जातकों के लिए भी समय अच्छा रहेगा.
तुला- आर्थिक रूप से देखा जाए तो तुला राशि वाले जातकों का यह महीना बेहतर रहेगा. यदि आप बहुत सोच-समझकर, योजनाबद्ध तरीके से खर्चों का प्रबंधन करते हैं तो आर्थिक स्थिति सकारात्मक रहने की संभावना अधिक है. कमाई के विभिन्न स्रोत होंगे. खासतौर से महीने के आखिरी दो सप्ताह बहुत शुभ रहेंगे. आपको कई स्रोतों से कमाई करने का अवसर मिल सकता है.
वृश्चिक- इस महीने बारहवें भाव में केतु स्थित होगा और इसी भाव पर राहु की दृष्टि पड़ रही होगी, जिसके चलते आपके खर्चे अत्यधिक बढ़ सकते हैं. ऐसे में आपको फिजूल खर्च करने की आदत पर नियंत्रण रखना होगा. धन खर्च करने से पहले अच्छी तरह सोच-विचार करें. ऐसा करने से आपको अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे.
धनु- महीने के पहले भाग में आय का प्रवाह प्रभावित हो सकता है. हालांकि बाकी महीना आपके लिए अच्छा रहेगा. इस महीने के लिए आपको सलाह दी जाती है कि खर्च और आय को संतुलित करने का प्रयास करें, ताकि भविष्य में आपको किसी भी तरह की आर्थिक समस्या से गुजरना न पड़े. कर्ज का लेन-देन तो बिल्कुल न करें.
मकर- मंगल ग्यारहवें भाव पर दृष्टि डाल रहा है, जिसके चलते जनवरी महीने में आपकी आर्थिक स्थिति काफी अच्छी रहेगी. इस महीने आपकी इनकम में भी वृद्धि होने की संभावना है. ग्रहों की अनुकूल स्थिति के चलते आप अच्छा बजट बनाने में सक्षम होंगे और बजट के मुताबिक ही खर्च करेंगे.
कुंभ- 2023 के पहले महीने कुछ जातकों को अपने पिछले निवेशों के चलते अच्छा रिटर्न मिल सकता है. हालांकि आमदनी के साथ आपके खर्चों में अचानक वृद्धि आ सकती है, जिसे आप संतुलित करने में असमर्थ हो सकते हैं. ऐसे में आपको अच्छा बजट बनाने के लिए विशेषज्ञों से राय लेनी पड़ेगी. बढ़ते खर्चों की वजह से आपको महीने की शुरुआत में ही बजट को लेकर योजना बना लेनी चाहिए.
मीन- जनवरी 2023 में आपको साइड इनकम कमाने का स्रोत मिल सकता है, जो आपके लिए फायदेमंद होगा. हालांकि कार्यों में थोड़ा दबाव जरूर महसूस करेंगे. आपको सलाह दी जाती है कि समय पर अपने कार्य करें, अन्यथा उम्मीद से कम लाभ की प्राप्ति होगी. इसलिए धैर्य रखें और किसी भी काम के लिए जल्दबाजी न करें.
aajtak.in