'दोनों बहनों ने जेवर चुराए हैं...', तांत्रिक की ‘भविष्यवाणी’ पर महिलाओं को उठा लाई पुलिस, तोड़ा हाथ

नागौर के सुरपालिया थाना क्षेत्र में गहना चोरी के मामले में तांत्रिक की कथित भविष्यवाणी के आधार पर दो महिलाओं से मारपीट के आरोप लगे हैं. परिजनों ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है. सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी हस्तक्षेप कर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने जांच अधिकारी बदले और 24 घंटे में प्राथमिक जांच पूरी करने का आश्वासन दिया.

Advertisement
तांत्रिक की ‘भविष्यवाणी’ पर महिलाओं को पीटकर पुलिस ने तोड़ा हाथ (Photo: itg) तांत्रिक की ‘भविष्यवाणी’ पर महिलाओं को पीटकर पुलिस ने तोड़ा हाथ (Photo: itg)

केशाराम गढ़वार

  • नागौर,
  • 16 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 7:45 AM IST

राजस्थान के नागौर जिले के सुरपालिया थाना क्षेत्र में गहना चोरी के एक मामले ने तूल पकड़ लिया है. आरोप है कि कथित तांत्रिक की भविष्यवाणी के आधार पर संदेह जताते हुए पुलिस ने दो महिलाओं को थाने बुलाकर मारपीट की. घटना के बाद परिजन जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा. मामला अब राजनीतिक रंग भी ले चुका है.

Advertisement

शादी में लाखों के जेवर चोरी

बुडिया की ढाणी, डेह के निवासी भंवरलाल बुडिया के अनुसार 4 - 5 फरवरी 2026 को परिवार में शादी समारोह था. 6 फरवरी को रिश्तेदार जेठी देवी ने फोन कर लाखों रुपये के जेवरात चोरी होने की सूचना दी. 11 फरवरी को सुरपालिया थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया. परिजनों का आरोप है कि 12 और 13 फरवरी को पूछताछ के नाम पर भंवरलाल और उनकी बहनों मैना व सुगना को थाने बुलाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई और शांति भंग के आरोप में बैठा लिया गया. बाद में जायल ले जाकर कागजातों पर हस्ताक्षर करवाने का भी आरोप है.

तांत्रिक की सलाह पर महिलाओं से मारपीट

परिवार का दावा है कि सामने वाले पक्ष ने एक तांत्रिक से सलाह ली थी, जिसने कथित तौर पर दोनों बहनों पर जेवर छिपाने का शक जताया. इसी के बाद पुलिस का रुख बदला. आरोप है कि महिला कांस्टेबल की मौजूदगी के बिना पुरुष पुलिसकर्मियों ने पूछताछ की. मारपीट में एक महिला के हाथ में फ्रैक्चर होने का दावा किया गया है. दोनों महिलाओं का उपचार नागौर के पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सालय में चल रहा है.

Advertisement

एएसआई पर पैसे लेकर कार्रवाई का आरोप

जाट महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष डूंगरसिंह बाना के नेतृत्व में परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और एएसआई गुमाना राम विश्नोई पर पैसे लेकर कार्रवाई करने का आरोप लगाया. करीब दो घंटे चली वार्ता के बाद जांच अधिकारी बदलने के निर्देश दिए गए. परिजनों ने मांगें नहीं माने जाने पर थाने के घेराव की चेतावनी दी है.

नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया पर मामले को गंभीर बताते हुए सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला दिया और डीजीपी से दोषी पुलिसकर्मियों के निलंबन व मुकदमा दर्ज करने की मांग की. उधर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परवेंद्र महेला ने मारपीट की जांच मूंडवा सीओ को और चोरी प्रकरण की जांच जायल एसएचओ को सौंपी है. एएसआई को पुलिस लाइन बुला लिया गया है. अब देखना है कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं.

 


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement