भोपाल में महिला चोरों के गैंग का दुस्साहस… फैक्ट्री का शटर उठाया और पार कर दिए हजारों के एलईडी, Video

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पांच महिलाओं के गैंग ने एक फैक्ट्री आउटलेट में फिल्मी अंदाज में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. शटर उठाकर एक महिला को अंदर भेजा गया और ब्रांडेड एलईडी टीवी पार कर दी गईं. चोरी की यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
सीसीटीवी में दिखा महिला चोरों का गैंग. (Photo: Screengrab) सीसीटीवी में दिखा महिला चोरों का गैंग. (Photo: Screengrab)

धर्मेंद्र साहू

  • भोपाल,
  • 15 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 12:59 PM IST

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला चोरों के एक गैंग का हैरान कर देने वाला कारनामा सामने आया है. आईटी पार्क बढ़वाई स्थित एक टीवी फैक्ट्री आउटलेट में पांच महिलाओं ने फिल्मी अंदाज में चोरी को अंजाम दिया. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है. आईटी पार्क बढ़वाई में स्थित ‘ड्रीम ऑन’ कंपनी के फैक्ट्री आउटलेट को महिलाओं ने निशाना बनाया. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि पांच महिलाएं फैक्ट्री के बाहर पहले स्थिति का जायजा लेती हैं. इसके बाद मिलकर शटर को ऊपर उठाया जाता है. एक महिला फैक्ट्री के अंदर एंट्री करती है.

Advertisement

यहां देखें Video...

अंदर पहुंचने के बाद उस महिला ने 55 इंच, 50 इंच और 32 इंच की तीन ब्रांडेड एलईडी टीवी बाहर खड़ी साथियों को थमाईं. टीवी को बोरी में भरकर सभी महिलाएं मौके से फरार हो गईं. पूरी वारदात बेहद सुनियोजित तरीके से और कुछ ही मिनटों में अंजाम दी गई.

यह भी पढ़ें: शॉल में लहंगा दबाकर बाजार में बेखौफ चोरी! कोटा के होलसेल बाजार में सक्रिय महिला चोर गिरोह का CCTV से भंडाफोड़

फैक्ट्री संचालक के अनुसार, चोरी हुई तीनों एलईडी टीवी की कुल कीमत करीब 48 हजार रुपये है. कंपनी के मैनेजर प्रवेश सेन ने गांधी नगर पुलिस स्टेशन में इस पूरे मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई है. इसी के साथ पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा गया है.

गांधीनगर थाना प्रभारी बृजेंद्र मर्सकोले ने बताया कि पांच अज्ञात महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है.

Advertisement

पहले भी हो चुकी हैं वारदातें

स्थानीय लोगों के अनुसार, आईटी पार्क और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में इससे पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. हालांकि इस बार महिलाओं के गैंग द्वारा इतने सुनियोजित तरीके से शटर उठाकर चोरी करने की घटना ने सभी को चौंका दिया है.

सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि महिलाएं पूरी तैयारी के साथ आई थीं. किसी ने निगरानी की, तो किसी ने शटर संभाला और एक महिला को अंदर पहुंचाया गया. 

पुलिस का कहना है कि यह कोई संगठित गिरोह हो सकता है, जो औद्योगिक क्षेत्रों को निशाना बना रहा है. फिलहाल फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है और आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement