मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में लोहे की पेटी में मिली युवती की लाश के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. जांच में सामने आया है कि युवती की गला घोंटकर हत्या की गई थी और शव को लोहे की पेटी में बंद कर सेप्टिक टैंक में फेंका गया. पुलिस के अनुसार यह वारदात 7 और 8 फरवरी की दरमियानी रात हुई. मृतका की पहचान 22 वर्षीय मिसबाह के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के गोंदिया की रहने वाली थी. मामले में मुख्य आरोपी समीर के साथ उसकी मां, बहन और भाई को भी गिरफ्तार किया गया है.
तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और स्थानीय पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कमल नगर निवासी समीर को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान उसने अपराध कबूल कर लिया. पुलिस जांच में सामने आया कि समीर और मिसबाह की पहचान एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी. अक्टूबर 2025 से मिसबाह भोपाल में समीर के घर लिव-इन में रह रही थी. बताया जा रहा है कि समीर उसे दोस्त बताकर घर लाया था.
शादी के दबाव और पैसों की मांग से बढ़ा विवाद
युवती के घर आने के बाद समीर की पत्नी नाराज होकर अपने मायके जबलपुर चली गई थी. बीते कुछ समय से समीर और मिसबाह के बीच विवाद बढ़ता जा रहा था. समीर युवती से छुटकारा पाना चाहता था जबकि मिसबाह शादी का दबाव बना रही थी. पुलिस के अनुसार अलग होने के बदले पैसों की मांग को लेकर भी दोनों में तनाव था.
समीर समेत मां, बहन और भाई गिरफ्तार, जांच जारी
7-8 फरवरी की रात विवाद इतना बढ़ा कि समीर ने मिसबाह का गला दबाकर हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी ने शव को 8 से 10 घंटे तक घर में ही रखा. बाद में उसने अपने भाई, मां और बहन को पूरी घटना बताई. इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों ने मिलकर शव को लोहे की पेटी में बंद किया और एक दिन तक घर में छिपाकर रखा. अगले दिन रात के समय पेटी सहित शव को पास के सेप्टिक टैंक में फेंक दिया गया. पुलिस ने लोहे की पेटी जब्त कर ली है और चारों आरोपी समीर, साहिल, सायमा और शहनाज बी को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में आगे की जांच जारी है.
रवीश पाल सिंह