LPG Saving Tips: सोशल मीडिया पर एलपीजी की कमी को लेकर कई अफवाहें फैल रही हैं. हालांकि इंडियन ऑयल और पेट्रोलियम मंत्रालय ने इन अफवाहों को पूरी करह निराधार बताया है. इंडियन ऑयल ने X पर कहा कि, 'भारत में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति व वितरण नेटवर्क सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं. इंडियनऑइल निर्बाध ईंधन आपूर्ति बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. नागरिकों को आश्वस्त किया जाता है कि किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है. कृपया पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और सही जानकारी के लिए केवल ऑफिशिअल सोर्स पर ही भरोसा करें.'
इंडियन ऑयल ने इंस्टाग्राम पर 2 वीडियो शेयर किए हैं जिसमें उन्होंने एलपीजी गैस को 'सिलेंडर भैया' नाम दिया है. वीडियो में उन्होंने बताया है कि किचन में गैस की बचत कैसे की जाए. अगर आप भी महीने खत्म होने से पहले ही सिलेंडर खत्म होने की टेंशन में रहते हैं, तो ये छोटे-छोटे नुस्खे आपकी जेब और समय दोनों बचा सकते हैं.
इंडियन ऑयल ने 'सिलेंडर भैया' के जरिए कुछ ऐसे ही स्मार्ट टिप्स शेयर किए हैं जो न केवल गैस बचाते हैं, बल्कि आपके खाना पकाने के तरीके को भी सही बनाते हैं.
अक्सर लोग सोचते हैं कि तेज आंच पर खाना जल्दी पकेगा, लेकिन यह केवल एक भ्रम है. वीडियो में बताया गया है कि पानी या खाने में एक बार उबाल आने के बाद तापमान 100°C तक पहुंच जाता है. इसके बाद आंच तेज रखने से खाना जल्दी नहीं पकता, बल्कि पानी भाप बनकर तेजी से उड़ता है और गैस की बर्बादी होती है.
अगर आप उबाल आने के तुरंत बाद आंच को धीमा कर देते हैं, तो खाने का तापमान स्थिर रहता है और वह उतनी ही गति से पकता है. इस छोटी सी आदत से आप 25% तक एलपीजी बचा सकते हैं.
रसोई में सबसे ज्यादा गैस उन चीजों को पकाने में लगती है जो सख्त होती हैं, जैसे- राजमा, छोले, दालें या कड़े छिलके वाली सब्जियां. सिलेंडर भैया की दूसरी सबसे बड़ी टिप है, भिगोना (Soaking). यानी कि अगर आप ऐसी सख्त सब्जियां बना रहे हैं तो पहले उन्हें पानी में भिगो दें जिससे एलपीजी की खासी बचत होगी.
इसका कारण है कि पकाने से पहले दाल या राजमा को कुछ घंटों के लिए भिगोने से उनके दाने नरम हो जाते हैं और भीगे हुए अनाज को पकाने में आधा समय लगता है, जिससे सीधे तौर पर गैस की खपत कम हो जाती है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क