Cucumber Bitterness Tips: गर्मियों के मौसम में खीरा खाना काफी फायदेमंद रहता है क्योंकि वो पानी से भरपूर होता है. इससे शरीर को हाइड्रेट रहने में मदद मिलती है जो कई तरह से शरीर को फायदा पहुंचाता है. लेकिन अक्सर एक कड़वा खीरा पूरे सलाद का मजा खराब कर देता है. दरअसल, खीरे में कुकरबिटासिन (Cucurbitacin) नाम का एक नेचुरल कंपाउंड होता है जो इसके सिरों और छिलके के नीचे जम जाता है. अगर इसे सही तरीके से न निकाला जाए तो वह खीरे का स्वाद कड़वा कर देता है. यदि आपके साथ भी ऐसा ही होता है कि अक्सर आपका खीरा कड़वा ही निकलता है तो आप कुछ तरीके अपना सकते हैं.
खीरे की कड़वाहट दूर करने का सबसे पुराना तरीका है कि खीरा के सिरों को काटकर आपस में रगड़े. इसकी बजाए आप खीरे के ऊपरी हिस्से को थोड़ा काटकर उस पर नमक लगाएं और कटे हुए टुकड़े को गोल-गोल रगड़ें. कुछ ही देर में सफेद झाग निकलने लगेगा. साइंस वर्ल्ड के अनुसार, यह झाग असल में कुकरबिटासिन होता है जो रगड़ने से बाहर निकल आता है. इसे धोकर साफ करने के बाद खीरा खाने लायक हो जाता है और उसका कड़वापन दूर हो जाता है.
खीरे के कोने और खीरे को रगड़ने के बाद भी कड़वाहट महसूस हो तो खीरे को स्लाइस में काटकर उन पर हल्का नमक छिड़क दें. हार्ट हुक होम के एक्सपर्ट्स का मानना है कि नमक कुकरबिटासिन को खींचकर बाहर निकालने में मदद करता है. खीरे को 5-10 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर ताजे पानी से धो लें. इससे कड़वापन काफी हद तक कम हो जाता है.
खीरे की कड़वाहट अक्सर उसके छिलके और डंठल वाले हिस्से में सबसे ज्यादा होती है. यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया के मुताबिक, अगर आप खीरे को डंठल की तरफ से छीलना शुरू करते हैं, तो कड़वाहट पूरे खीरे में फैल सकती है. इसलिए हमेशा खीरे के सिरों को काटकर अलग कर दें और फिर छिलका उतारें. गहरे रंग के मोटे छिलके वाले खीरों में कड़वाहट ज्यादा होती है इसलिए उन्हें थोड़ा गहराई से छीलना बेहतर रहता है.
खीरे पर कांटे वाले चम्मच यानी फोर्क (Fork) से लकीरें बनाएं. खीरे को छीलने के बाद फोर्क से उसकी लंबाई में चारों तरफ गहरे निशान बना दें. इससे खीरे के अंदर मौजूद कड़वा केमिकल बाहर निकलने लगता है. इसके बाद खीरे को धोकर सलाद के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि यह तरीका खीरे के टेक्सचर को भी बेहतर बनाता है और कड़वाहट को भी दूर करता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क