अमेरिका के कैलिफोर्निया में पढ़ाई कर रहे 22 वर्षीय भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया के लापता होने से उनका परिवार चिंतित है. साकेत, यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया बर्कले में मास्टर्स की पढ़ाई कर रहे हैं और वह 9 फरवरी से लापता बताए जा रहे हैं. उन्हें आखिरी बार बर्कले हिल्स इलाके में स्थित लेक अंजा के पास देखा गया था.
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साकेत का बैकपैक एक रिहायशी इलाके के एक घर के बाहर मिला है, जिसमें उनका पासपोर्ट और लैपटॉप मौजूद थे. इस घटना के बाद से बर्कले पुलिस उनकी तलाश में जुटी है. इस मामले पर सैन फ्रांसिस्को स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने गहरी चिंता जताई है. दूतावास ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि वह छात्र के परिवार और स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है ताकि साकेत का जल्द पता लगाया जा सके.
साकेत मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले हैं. इधर, कर्नाटक की मुख्य सचिव शालिनी रजनीश ने इस मामले में विदेश मंत्रायल को पत्र लिखकर कूटनीतिक मदद का अनुरोध किया है. वहीं, बेंगलुरु में रहने वाले साकेत के परिवार ने भी उनकी सुरक्षित वापसी के लिए केंद्र सरकार से तत्काल सहायता की अपील की है. साकेत के रूममेट बनी सिंह ने लिंक्डइन के जरिए लोगों से मदद मांगी है.
यह भी पढ़ें: ट्रंप की सख्ती, तेहरान का पलटवार और अरब सागर में अब्राहम लिंकन... ईरान पर हमले की तैयारी में अमेरिका
उन्होंने एक मैसेज में कहा कि यदि किसी को भी साकेत के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या परिवार से संपर्क करें. साकेत ने 2025 में आईआईटी मद्रास से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया था और वर्तमान में कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी से केमिकल एंड बायोमॉलिक्यूलर इंजीनियरिंग में मास्टर्स कर रहे हैं. बर्कले पुलिस ने साकेत को 'एट-रिस्क' मिसिंग पर्सन घोषित किया है.
पुलिस ने साकेत श्रीनिवासैया का डिस्क्रिप्शन: 6 फीट 1 इंच लंबा, लगभग 73 किलो वजन, काले बाल, भारतीय मूल का बताया है. पुलिस को पता चला कि वह एक रिलेशनशिप को लेकर परेशान थे. लेक अंजा के आसपास, हिल्स में, पार्क में सर्च ऑपरेशन शुरू हो गया है. वॉलंटियर्स, यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स, लोकल कम्युनिटी सब साकेत की तलाश जुटे हैं.
प्रणय उपाध्याय