कर्नाटक के विजयपुरा जिले में गुरुवार की शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां एक 28 साल की महिला ने अपने तीन नाबालिग बच्चों के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली. इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. पुलिस को खबर मिली तो टीम मौके पर पहुंची और जायजा लिया.
एजेंसी के अनुसार, यह घटना विजयपुरा जिले के इंडी तालुक के मिरागी गांव में हुई. मृतका की पहचान राजश्री शंकरप्पा हल्लूर के रूप में हुई है. उनके साथ उनके तीन बच्चे थे, जिनमें एक बेटी छह साल की, दूसरी तीन साल की और एक साल का बेटा था. इन बच्चों की भी इस हादसे में मौत हो गई.
यह भी पढ़ें: साढ़े तीन साल के बेटे के साथ मां ने कुएं में कूदकर दी जान... महाराष्ट्र के बीड में सामने आई दर्दनाक घटना
शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि महिला ने पहले अपने तीनों बच्चों को कुएं में धक्का दिया और उसके बाद खुद भी कूद गई. हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है और इसकी जांच की जा रही है.
महिला का पति शंकरप्पा बस चालक है, वह घटना के समय गांव में नहीं था. मामला उस समय सामने आया, जब आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली और उन्होंने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद इंडी ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कुएं से बाहर निकलवाया.
पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई पति और अन्य परिजनों के आने के बाद की जाएगी. साथ ही, घटना के पीछे की वजह जानने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है.
इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है. ग्रामीणों में शोक और सदमे की स्थिति है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, जिससे पता लगाया जा सके कि आखिर किस कारण से महिला ने इतना बड़ा कदम उठाया.
aajtak.in