बारिश के कारण देश की कई नदियां उफान पर हैं. बिहार और असम समेत कई राज्य बाढ़ की चपेट में हैं. वहीं उत्तराखंड के हरिद्वार में गंगा नदी भी उफान पर है और उसका बहाव भी तेज है. इसी तेज बहाव का शिकार होते-होते एक कांवड़िया बच गया. दरअसल, वह गंगा के बीच में तेज बहाव में बह रहा था लेकिन तभी स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ) के जवानों ने बहादुरी दिखाते हुए उस कांवड़िए को बचा लिया. यह घटना रविवार की है.
घटना की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें एसडीआरएफ के जवान युवक को पानी से बाहर लाते हुए दिखाई दे रहे हैं. एसडीआरएफ के जवानों ने पानी के तेज बहाव में फंसे युवक को बाहर निकाला. तब जाकर मुश्किल में फंसे युवक ने राहत की सांस ली.
वहीं हरिद्वार में कांवड़ मेले के चलते 23 से 30 जुलाई तक सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे. डीएम के आदेशानुसार हरिद्वार में कांवड़ मेले के इस दौरान सभी स्कूल कॉलेज को बंद करने का फैसला लिया गया है. सभी शिक्षण संस्थाएं 8 दिनों तक बंद रहेंगे.
बता दें कि हिंदू धर्म में सावन महीना शिव भक्तों के लिए काफी अहम माना जाता है. इसी महीने में भक्त कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं. शिव भक्त इस दौरान लाखों की संख्या में हरिद्वार और गंगोत्री सहित अनेक धामों की यात्रा करते हैं. सावन का महीना भगवान शिव का महीना होता है, इसलिए भक्तजन इस महीने में विशेष व्रत रखते हैं, और शिव की पूजा-अर्चना करते हैं.
aajtak.in