बढ़ती आबादी को मोदी ने बनाया मुद्दा, योगी बोले- जनसंख्या विस्फोट बड़ी चुनौती

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, बढ़ती जनसंख्या देश के लिए चिंता का विषय है, जागरूकता के माध्यम से ही, हम इसे नियंत्रित कर सकते हैं.

Advertisement
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (IANS) यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (IANS)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 15 अगस्त 2019,
  • अपडेटेड 7:36 PM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को 'जनसंख्या विस्फोट' पर चिंता जाहिर की और कहा कि सरकार चाहती है कि सबको संसाधन मिलें, सबके जीवन की गुणवत्ता और बेहतर हो लेकिन जनसंख्या विस्फोट समाज और देश के सामने एक विकराल चुनौती बन गया है. उन्होंने कहा, 'हर एक को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं, बेहतर शिक्षा, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं मिलना चाहिए और यह तभी संभव है जब जनसंख्या नियंत्रित हो.'

Advertisement

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ही स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से कहा कि देश को जनसंख्या नियंत्रण पर ध्यान देने की जरूरत है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से अपील की कि वे इस बाबत जागरूकता फैलाने का काम करें. उन्होंने कहा, "बढ़ती जनसंख्या देश के लिए चिंता का विषय है, जागरूकता के माध्यम से ही, हम इसे नियंत्रित कर सकते हैं."

प्रधानमंत्री की चिंता से लोगों को अवगत कराते हुए यूपी के मुख्यमंत्री ने भी अपनी बात रखी और जनसंख्या नियंत्रण को लेकर अपील जारी की. मुख्यमंत्री योगी ने लोगों से कहा कि समाज के हर वर्ग और लोगों को अच्छे संसाधन तभी मिल पाएंगे जब हमारी आबादी नियंत्रित हो.

आपको बता दें भारत की आबादी जिस तेजी से बढ़ रही है, उस लिहाज से अब वो दिन दूर नहीं जब हमारी आबादी चीन को पार कर जाएगी. बेतहाशा आबादी का सबसे बड़ा संकट संसाधनों पर पड़ता है और लोगों की न्यूनतम जरूरतें भी पूरी नहीं हो पातीं.

Advertisement

मुख्यमंत्री योगी ने यह भी कहा कि 'प्रधानमंत्री के "बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ" योजना की सफलता के क्रम को आगे बढ़ाते हुए स्वाधीनता दिवस के 73वें आयोजन के अवसर पर जब रक्षाबंधन का भी पर्व है, प्रदेश सरकार जल्द ही 'मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना' संचालित करने जा रही है.'

उन्होंने कहा, 'प्रधानमंत्री जी ने भारत की अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डॉलर बनाने का लक्ष्य रखा है. इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए उत्तर प्रदेश को भी अपनी अर्थव्यवस्था को 1 ट्रिलियन डॉलर पहुंचाने का लक्ष्य तय करके उसके लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य करना पड़ेगा.'

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजादी की 73वीं वर्षगांठ पर विधानभवन के द्वार पर तिरंगा ध्वज फहराया और प्रदेश की जनता को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी. योगी ने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म करना 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' के निर्माण के लिए बहुत बड़ा सहासिक कार्य है. आजादी के बाद से ही देश इसे खत्म करने की जरूरत महसूस कर रहा था. मुख्यमंत्री ने कहा, "इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का मैं हृदय से अभिनंदन करता हूं."

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »