कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ता सदफ जफर के परिजनों से मुलाकात की. प्रियंका गांधी की यह मुलाकात उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तर में हुई. सदफ जफर सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं जिन्हें 19 दिसंबर को लखनऊ में नागरिकता कानून के खिलाफ भड़की हिंसा के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था.
इस मुलाकात की तस्वीर ने अपने टि्वटर अकाउंट पर शेयर करते हुए लिखा, उप्र सरकार ने अमानवीयता की सारी हदें पार कर दी हैं. कांग्रेस की कार्यकर्ता सदफ जफर साफ-साफ वीडियो में पुलिस से हिंसा फैलाने वाले लोगों को गिरफ्तार करने की बात कह रही हैं. पुलिस ने सदफ पर बेबुनियाद आरोप लगाकर जेल में डाल दिया है.
इससे पहले प्रियंका गांधी रविवार सुबह माल एवेन्यू स्थित कार्यालय पहुंचीं और उत्तर प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की. इसके बाद प्रियंका गांधी अपनी मां और कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली गईं. वहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ता सुनील श्रीवास्तव के परिजनों से मुलाकात की. सुनील श्रीवास्तव की अभी हाल में लंबी बीमारी के बाद देहांत हो गया था. रायबरेली के लिए रवाना होने से पहले प्रियंका ने पार्टी नेताओं के साथ शनिवार की घटना को लेकर बैठक की और पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा की.
उधर पूर्व केंद्रीय मंत्री की अगुवाई में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मोहम्मद वकील के परिजनों से भी मिला. लखनऊ हिंसा के दौरान मोहम्मद वकील की मौत हो गई थी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जितिन प्रसाद, आचार्य प्रमोद कृष्णम और जफर अली नकवी ने लखनऊ में सीएए प्रदर्शन के दौरान 19 दिसंबर को मारे गए मोहम्मद वकील के घर का दौरा किया. वकील की मौत गोली लगने से हुई थी. प्रियंका गांधी सोमवार को दिल्ली रवाना होने से पहले पार्टी नेताओं के साथ एक बैठक करेंगी.
नीलांशु शुक्ला