उत्तर प्रदेश पुलिस अपने महकमे में पुलिस वालों को अब सप्ताह में 1 दिन की छुट्टी देने पर विचार कर रही है. यह प्रयोग उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जाएगा. इस मामले में फैसला शासन स्तर पर नहीं लिया गया है बल्कि बाराबंकी के कप्तान अपने जिले में पुलिस कर्मियों को 1 दिन की छुट्टी देकर यह देखेंगे कि क्या 1 दिन की छुट्टी देकर विभाग का काम ठीक ढंग से चल सकता है. अगर इसमें सफलता मिलती है तो यह प्रयोग कई और जिलों में भी लागू किया जा सकता है.
दरअसल उत्तर प्रदेश पुलिस के कर्मचारी हफ्ते में 7 दिन काम करते हैं और छुट्टी का कोई प्रावधान नहीं किया गया है. इस सब के चलते लगातार पुलिस कर्मचारी संघ की तरफ से और साथ ही साथ अधिकारियों की तरफ से भी छुट्टी दिए जाने की मांग होती रही है. हालांकि अभी तक पुलिस विभाग में जब भी उनके इलाके में शांति हो या फिर बहुत बड़ा कोई आयोजन ना हो तो वह अघोषित रूप से हफ्ते में एक दिन अपने व्यक्तिगत कामों के लिए मौका निकालते थे.
उत्तर प्रदेश पुलिस के मुताबिक अगर यह व्यवस्था पूरी तरह से लागू होती है तो अब उन्हें आधिकारिक रूप से हफ्ते में एक दिन छुट्टी मिलने का नियम बनाया जाएगा. पुलिस महकमे के पास 24 घंटे और हफ्ते के सातों दिन कोई न कोई आयोजन और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी रहती है इसीलिए उनको छुट्टी दिया जाना संभव नहीं हो पाता है. लेकिन अब कर्मचारियों की मांग और जरूरत के चलते इस तरह की सप्ताह में 1 दिन की छुट्टी दिए जाने का प्रयोग किया जा रहा है.
बता दें जहां उत्तर प्रदेश पुलिस अपने महकमे में पुलिस वालों की 1 दिन की छुट्टी पर विचार कर रही है वहीं दुसरी ओर पुलिस की तत्काल कार्रवाई से खुश होकर उत्तर प्रदेश में आगरा के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) को एक व्यक्ति ने प्रशंसा पत्र भेजा है और साथ में 500 रुपये का इनाम भी भेजा. लिफाफा भेजने वाले ने व्यक्ति विजयपाल ने लिखा, 'मैं आपकी कार्यप्रणाली से बेहद खुश हूं और आपको यह प्रशंसा पत्र व 500 रुपये का चेक भेज रहा हूं.'
शिवेंद्र श्रीवास्तव