J-K में दखल से बाज नहीं आ रहा पाक, अब गिलानी को कुरैशी ने फोन मिलाया

31 जनवरी को शाह महमूद कुरैशी द्वारा मीरवाइज उमर फारूक के साथ फोन पर बातचीत किए जाने पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई थी. भारत ने इस मुद्दे पर पाकिस्तानी उच्चायुक्त सोहेल महमूद को तलब किया था और उन्हें जोरदार फटकार लगाई थी.

Advertisement
पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी (फाइल फोटो) पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी (फाइल फोटो)

गीता मोहन

  • ,
  • 03 फरवरी 2019,
  • अपडेटेड 12:36 AM IST

जम्मू-कश्मीर पर पाकिस्तान ने एक बार फिर से उकसाने वाला काम किया है. 31 जनवरी को पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी द्वारा जम्मू कश्मीर के अलगाववादी नेता मीरवाइज उमर फारूक को फोन किए जाने के बाद शनिवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी एक और कश्मीरी अलगाववादी नेता से कश्मीर मसले पर बात की है. रिपोर्ट के मुताबिक शाह महमूद कुरैशी ने हुर्रियत नेता सैयद अली शाह गिलानी से बात की. दोनों नेताओं के बीच कश्मीर के हालात पर बात हुई है.

Advertisement

दोनों नेताओं के बीच फोन पर बात हुई और दोनों ने कश्मीर के मसले पर चर्चा की. इस मुद्दे पर भारत सरकार की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है. 31 जनवरी को शाह महमूद कुरैशी द्वारा मीरवाइज उमर फारूक के साथ फोन पर बातचीत किए जाने पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई थी. भारत ने इस मुद्दे पर पाकिस्तानी उच्चायुक्त सोहेल महमूद को तलब किया था और उन्हें जोरदार फटकार लगाई थी. भारत के विदेश सचिव विजय गोखले ने कहा था कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री द्वारा भारत की एकता, उसकी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन एक शर्मनाक कोशिश है.

माना जा रहा है कि शाह महमूद कुरैशी ने मीरवाइज उमर फारूक को फोन कर बताया कि पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में कथित तौर पर मानवाधिकार उल्लंघन से जुड़े मामलों को वैश्विक पटल पर उठाने के लिए कदम उठा रहा है. बता दें कि मीरवाइज उमर फारूक ऑल पार्टीज हुर्रियत कॉन्फ्रेंस का चेयरमैन है.

Advertisement

इंडिया टुडे के सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान की इस हरकत पर विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा था कि पाकिस्तान के विदेश मंत्री का ये कदम पाकिस्तान के नेतृत्व द्वारा भारत के साथ रिश्तों को बहाल करने के लिए उठाए जा रहे उपायों के विपरीत है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के इस कदम से भारत-पाक संबंधों को लेकर उसके नेतृत्व का खोखलापन उजागर होता है.

इधर हुर्रियत कान्फ्रेंस के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूक ने पाकिस्तान के इस कदम का स्वागत किया था. मीरवाइज उमर फारूक ने कहा कि पाक विदेश मंत्री ने उन्हें बताया है कि जब तक भारत और पाकिस्तान एक दूसरे से बात नहीं करेंगे, तब तक कश्मीर मसले का हल नहीं होगा. बता दें कि पाकिस्तान में इमरान खान द्वारा सत्ता संभालने के बाद राजनीतिक और नेतृत्व के स्तर पर पाकिस्तान की ये पहली बातचीत थी. वहीं मारवाइज ने कहा कि हुर्रियत कश्मीर में हिंसा समाप्त करना चाहती है और इसके लिए बातचीत ही एक मात्र जरिया है.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement