कोरोना वायरस के संकट के बीच भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह ने पहली वर्चुअल रैली को संबोधित किया. इस दौरान शाह ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला. वहीं, केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों को 15 अगस्त 2020 के बाद फिर से खोला जाएगा. पढ़िए रविवार शाम की पांच बड़ी खबरें.......
चुनावी मोड में अमित शाह, पहली वर्चुअल रैली में गिनाए 370, ट्रिपल तलाक, मंदिर जैसे काम
कोरोना काल के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने वर्चुअल रैली की शुरुआत कर दी है. रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह ने पहली वर्चुअल रैली 'बिहार जनसंवाद' को संबोधित किया. इस दौरान अमित शाह का चुनावी तेवर वाला अंदाज देखने को मिला. वीडिओ कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शाह ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और विपक्ष पर जमकर हमला बोला. वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए शाह ने धारा-370, राम मंदिर, ट्रिपल तलाक और CAA पर खास जोर दिया.
अमित शाह का विपक्ष पर तंज- वक्रद्रष्टा लोग दिल्ली में मौज करने की जगह वर्चुअल रैली ही कर लेते
केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को पटना में पहली वर्चुअल रैली को संबोधित किया. अपने इस संबोधन में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) पर निशाना साधा. दरअसल, रैली से पहले आरजेडी ने अमित शाह की रैली का थाली बजाकर विरोध किया था. इस पर शाह ने कहा कि वक्रद्रष्टा लोग दिल्ली में मौज करने की जगह एक वर्चुअल रैली ही कर लेते. शाह ने यह भी कहा कि वर्चुअल रैली का राजनीति से कोई लेना देना नहीं है.
तेलंगाना: नौकरी पाने के लिए बेटे ने मां और भाई के साथ मिलकर की पिता की हत्या
तेलंगाना से एक दिल-दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां युवक ने PSU जॉब पाने के लिए अपने पिता की ही हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि युवक अपने पिता के स्थान पर नौकरी पाना चाहता था और इसके लिए उसने अपने 55 वर्षीय पिता को ही मौत के घाट उतार दिया. पुलिस के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम में युवक का साथ उसकी मां और भाई ने भी दिया था. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत इस पर कार्रवाई शुरू कर दी थी. आरोपी ने पहले ही इसकी पूरा प्लानिंग बना ली थी. पूरे गांव में युवक ने बताया कि उसके पिता की मौत हार्ट अटैक से हुई है.
15 अगस्त के बाद खुलेंगे स्कूल-कॉलेज, मानव संसाधन मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक का ऐलान
छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के हफ्तों के भ्रम के बाद मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा है कि स्कूलों और कॉलेजों को अगस्त 2020 के बाद फिर से खोला जाएगा. संभवतः 15 अगस्त 2020 के बाद शैक्षणिक संस्थान खुल जाएं. डॉ. रमेश पोखरियाल ने एक इंटरव्यू में यह बात कही है. उन्होंने कहा, "15 अगस्त तक सभी परीक्षाओं के परिणाम घोषित करने की कोशिश कर रहे हैं." आपको बता दें, इस संबंध में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एचआरडी मंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक को स्कूल पुनः खोलने की योजना पर पत्र लिखा था. इस बात की जानकारी उन्होंने कल ट्वीट के माध्यम से दी थी.
कोरोना की वैक्सीन कब तक? एम्स के डायरेक्टर गुलेरिया ने दी जानकारी
दुनियाभर में तेजी से फैलते कोरोना वायरस की वैक्सीन पर 100 से भी ज्यादा कैंडीडेट्स काम कर रहे हैं. हालांकि अभी तक कोई अंदाजा नहीं है कि कोरोना की वैक्सीन आने में अभी कितना वक्त और लगेगा. नई दिल्ली स्थित एम्स के डायरेक्टर डॉक्टर रणदीप गुलेरिया ने इस विषय पर विस्तार से चर्चा की. वैक्सीन को लेकर अभी तक कितनी कामयाबी मिली है? वैक्सीन बनने के बाद इसे भारत आने में कितना समय लगेगा. ऐसे कुछ सवालों के जवाब डॉ. गुलेरिया ने आजतक को दिए. डॉक्टर गुलेरिया ने बताया कि वैक्सीन बनाने में पूरी दुनिया के वैज्ञानिक तेजी से काम कर रहे हैं.
aajtak.in