देश में भी कोरोना के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं, और आज शुक्रवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में मरीजों की संख्या 3 लाख 80 हजार 532 हो गई है जिसमें ठीक होने वालों की संख्या 2 लाख को पार कर गई है.
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से आज सुबह कोरोना को लेकर जारी अपडेट के मुताबिक, देश में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 3,80,532 तक पहुंच गई है जिसमें ठीक होने वालों की संख्या 2 लाख से ऊपर यानी 2,04,711 हो गई. हालांकि अभी भी देश में 1,63,248 एक्टिव केस है.
24 घंटे में 13,586 नए केस दर्ज
जारी आंकड़ों के हिसाब से बात करें तो पिछले 24 घंटे के अंदर देश में कोरोना के 13,586 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि इस दौरान 336 लोगों की मौत भी हो गई. कोरोना से अब तक 12,573 लोगों की मौत हो चुकी है.
राहत की बात यह रही कि पिछले 24 घंटे के अंदर देश में 10,386 मरीज ठीक हो गए. इस तरह से देश में अब तक 2 लाख 4 हजार से ज्यादा मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं या घर पहुंच चुके हैं.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, देश में 18 जून तक 64,26,627 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं. जबकि अकेले 18 जून यानी गुरुवार को 1,76,959 लोगों के सैंपल लिए गए.
इसे भी पढ़ें --- दिल्ली में 2400 रुपये में होगा कोरोना टेस्ट, गृह मंत्रालय का फैसला
राज्यवार आधार पर देखें तो महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा संक्रमित मामले हैं और यहां पर 1,20,504 कोरोना केस आए हैं जिसमें 60,838 लोग ठीक हो चुके हैं. हालांकि इस महामारी से महाराष्ट्र में 5,751 लोगों की मौत हो चुकी है. इसके बाद तमिलनाडु का नंबर है जहां 52,334 केस आए. तीसरे स्थान पर दिल्ली है.
सबसे कम कोरोना केस मेघालय में है और यहां पर अब तक 44 केस दर्ज हुए हैं.
aajtak.in